हरियाणा में बड़ा हादसा, स्कूल जा रही 12 छात्राएं घायल
एनएच-11 पर भांखरी के पास ऑटो और क्रेटा की भिड़ंत में स्कूल जा रही 12 छात्राएं घायल हो गईं। चार की हालत गंभीर है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
- नारनौल एनएच-11 पर ऑटो और क्रेटा में भिड़ंत, 12 छात्राएं घायल
- चार छात्राओं को लगी गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती
- हादसे के बाद कार चालक गाड़ी छोड़ मौके से फरार
नारनौल के नेशनल हाइवे नंबर-11 पर वीरवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। भांखरी गांव के पास एक ऑटो और क्रेटा गाड़ी की टक्कर में 12 छात्राएं घायल हो गईं। इनमें से चार छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी छात्राएं गांव डोहर खुर्द और डोहर कलां से किराये पर ऑटो में बैठकर गोद गांव की कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल जा रही थीं।
जैसे ही ऑटो भांखरी के पास पहुंचा, सर्विस रोड पर गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद छात्राओं में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घायलों को तुरंत नारनौल नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना में घायल छात्राओं में अलका (15), मोनिका (16), ममता (16), प्रीति, नीतु (15), दीपिका, नेहा, खुशी, हिना, गायत्री और एकता शामिल हैं। इनमें अलका और मोनिका के पैरों में गंभीर चोट आई है, ममता का हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि प्रीति को सिर पर चोट लगी है। बाकी छात्राओं को भी चोटें आई हैं।
कार चालक हादसे के बाद गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी भारत भूषण ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और कहा – “कार चालक की पहचान की जा रही है, जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” वहीं, अस्पताल में तैनात डॉ. सरजीत ने बताया कि सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं, लेकिन तीन-चार को ज्यादा चोटें आई हैं।
यह भी सामने आया है कि परिजनों ने छात्राओं के स्कूल आने-जाने के लिए यह ऑटो किराये पर लगाया था, ताकि उन्हें आवागमन में परेशानी न हो। गुरुवार को भी सभी छात्राएं सुबह घर से निकलीं, लेकिन स्कूल पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया।
Akhil Mahajan