नीरज-हिमानी का दिल्ली में VIP रिसेप्शन, पीएम मोदी ने भगवान राम की मूर्ति उपहार में देकर दिया आशीर्वाद
नीरज चोपड़ा और हिमानी मोर का दिल्ली के लीला होटल में VIP रिसेप्शन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोड़े को आशीर्वाद दिया। 150 चुनिंदा मेहमानों के बीच आयोजन संपन्न हुआ।
नीरज-हिमानी की शादी का VIP रिसेप्शन दिल्ली में आयोजित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे, जोड़े को दिया आशीर्वाद
150 चुनिंदा मेहमान, कड़ी सुरक्षा में हुआ आयोजन
हरियाणा के ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और हिमानी मोर की शादी के बाद दिल्ली के लीला होटल में भव्य VIP रिसेप्शन पार्टी आयोजित की गई। सीमित और विशिष्ट मेहमानों के बीच हुए इस आयोजन ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल के कारण खास ध्यान खींचा।
रिसेप्शन पार्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से शामिल हुए। प्रधानमंत्री के पहुंचते ही नीरज और हिमानी ने उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने के साथ उपहार स्वरूप भगवान राम की मूर्ति भी भेंट की।
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले होटल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहीं। एंट्री के समय किसी भी प्रकार का सामान अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि मोबाइल फोन ले जाने की छूट दी गई थी।
इस हाई-प्रोफाइल रिसेप्शन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई अन्य बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। नीरज चोपड़ा ने इन सभी को स्वयं जाकर निमंत्रण दिया था। कुल 150 VIP मेहमानों को ही न्योता भेजा गया था।
नीरज और हिमानी की शादी 19 जनवरी 2025 को सोलन के एक रिसॉर्ट में निजी समारोह में हुई थी। इसके बाद खेल कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते अब रिसेप्शन आयोजित किए गए। दिल्ली में हुआ यह रिसेप्शन तीसरा था। इससे पहले 25 दिसंबर को करनाल में दो अलग-अलग पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
दिल्ली में आयोजित रिसेप्शन शाम करीब 7 बजे शुरू हुआ और रात साढ़े 11 बजे तक चला। कार्यक्रम में दोनों परिवारों की महिलाएं और करीबी सदस्य शामिल हुए। मंच पर नीरज और हिमानी के माता-पिता साथ खड़े नजर आए और पूरे परिवार ने प्रधानमंत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
इस अवसर पर हरियाणा के बॉक्सर विजेंदर सिंह भी पहुंचे और जोड़े के साथ सेल्फी ली। कार्यक्रम में स्टेज एप के फाउंडर विनय सिंघल, प्रवीण सिंघल और शशांक वैष्णव भी मौजूद रहे। नीरज और हिमानी ने रिसेप्शन में मैचिंग फुल ब्लैक ड्रेस पहन रखी थी।
कार्यक्रम का संचालन हिसार की अल्पना सुहासिनी ने किया। उन्होंने नीरज और हिमानी को समर्पित कविता सुनाई, जिसे मेहमानों ने सराहा। कविता ने पूरे आयोजन को भावुक और यादगार बना दिया।
Akhil Mahajan