नूंह पुलिस ने 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त पकड़ा
नूंह पुलिस ने 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त बरामद कर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपी राजस्थान से दिल्ली मादक पदार्थ सप्लाई करने जा रहे थे।
■ नूंह पुलिस ने 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त पकड़ा
■ प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर दिल्ली ले जाई जा रही थी खेप
■ राजस्थान के 2 नशा तस्कर गिरफ्तार, कीमत करीब ₹1 करोड़
हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपए कीमत का चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के रहने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिकअप गाड़ी में मादक पदार्थ छिपाकर दिल्ली ले जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में पुलिस दिल्ली-अलवर रोड पर गांव नसीरबास के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर गाड़ी में सवार दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के भालपुर निवासी गुरदीप सिंह और नौगांव थाना क्षेत्र के मंडापुर निवासी सतपाल के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान से मादक पदार्थ की खेप लेकर दिल्ली जा रहे थे।
पुलिस ने जब पिकअप गाड़ी की तलाशी ली तो ऊपर प्याज से भरे 45 कट्टे रखे मिले। शक होने पर जब नीचे की जांच की गई तो प्याज के कट्टों के नीचे 30 प्लास्टिक बैग में भारी मात्रा में चूरा पोस्त छिपाकर रखा गया था। सभी कट्टों का वजन करने पर कुल 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन और चूरा पोस्त को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप राजस्थान से दिल्ली सप्लाई की जानी थी। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी कब से इस धंधे में शामिल हैं और इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
नूंह पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
pooja