सीवर में जहरीली गैस से 2 मजदूरों की मौ*त

नूंह के फिरोजपुर झिरका में सीवर सफाई के दौरान जहरीली गैस से 2 मजदूरों की मौत हो गई। एक अन्य मजदूर गंभीर है, ठेकेदार फरार बताया जा रहा है।

सीवर में जहरीली गैस से 2 मजदूरों की मौ*त

सीवर सफाई के दौरान जहरीली गैस से 2 मजदूरों की मौत
एक अन्य मजदूर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
बिना सुरक्षा उपकरणों के उतारने का आरोप, ठेकेदार फरार


नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका शहर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की पुष्टि सिटी थाना प्रभारी कुलदीप ने की है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, तीन सफाई कर्मचारी सीवर लाइन की सफाई के लिए नीचे उतरे थे। सीवर के अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण कुछ ही मिनटों में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। दम घुटने की वजह से वे बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही दो मजदूरों ने दम तोड़ दिया।

जब काफी देर तक सीवर से कोई हलचल नहीं हुई, तो मौके पर मौजूद लोगों को शक हुआ और उन्होंने बचाव अभियान शुरू किया। इसके बाद एक तीसरे मजदूर को भी नीचे उतारा गया, लेकिन उसकी हालत भी बिगड़ गई।

उसे तुरंत बाहर निकालकर अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों में से एक मजदूर पलवल जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश का निवासी था। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है।

इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा किट, गैस मास्क या अन्य जरूरी उपकरणों के सीधे सीवर में उतार दिया गया, जो इस हादसे का मुख्य कारण बना।

वहीं, बताया जा रहा है कि काम की देखरेख कर रहा ठेकेदार हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। इससे लोगों में भारी रोष है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।