घर में घुसकर हथियारों से लैस 25 युवकों ने लड़की के अपहरण की कोशिश की,गोलियां भी चली

20 बाइकों पर सवार हथियारबंद युवकों ने घर में घुसकर फायरिंग की और युवती को अगवा करने का प्रयास किया। 10 नामजद सहित 25 आरोपियों पर केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।

घर में घुसकर हथियारों से  लैस 25 युवकों ने लड़की के अपहरण की कोशिश की,गोलियां भी चली

■ 20 बाइकों और कार में सवार होकर पहुंचे हथियारबंद युवक
■ घर में घुसकर फायरिंग, लड़की को जबरन ले जाने का प्रयास
■ 10 नामजद सहित 25 पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी


हरियाणा के पलवल जिले के भमरौला गांव में हथियारबंद युवकों ने एक घर में घुसकर फायरिंग कर दी और युवती को अगवा करने का प्रयास किया। हमलावर करीब 20 बाइकों और एक कार में सवार होकर आए थे। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

थाना बहीन के प्रभारी सुरेश कुमार के अनुसार, शिकायतकर्ता सरजीत ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे गहलब गांव से आए आरोपी नीले रंग की बलेनो कार और बाइकों पर पहुंचे। उनके हाथों में धारदार हथियार और अवैध हथियार बताए गए हैं। आरोप है कि घर पहुंचते ही उन्होंने हवाई फायरिंग की, जिनमें एक गोली घर के दरवाजे की ओर चलाई गई। इसके बाद हमलावर घर के भीतर घुस गए और सरजीत की बेटी को जबरन साथ ले जाने की कोशिश की।

परिवार ने विरोध किया तो आरोपियों ने सरजीत के भतीजे भूप के साथ मारपीट की और उसे जबरन उठाकर ले जाने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए, जिसके बाद हमलावर युवक को छोड़कर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों द्वारा धमकी देने की भी बात सामने आई है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बहीन थाना पुलिस ने 10 नामजद सहित 25 आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने, अवैध हथियारों के इस्तेमाल, चोट पहुंचाने और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।