पलवल में महिला सरपंच पर रॉड-डंडों से हमला:घर में चल रही पंचायत में घुसे हमलावर
पलवल के बागपुर गांव में पंचायत के दौरान महिला सरपंच के परिवार पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला किया गया। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
■ पंचायत के दौरान घर में घुसकर महिला सरपंच परिवार पर हमला
■ लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से की मारपीट, जान से मारने की धमकी
■ चार नामजद समेत अन्य पर केस दर्ज, आरोपी फरार
पलवल जिले के बागपुर गांव में पंचायत के दौरान दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महिला सरपंच के परिवार पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावर घर में घुस आए और मारपीट करने के साथ ही सरपंच और उसके पति को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया है।
पीड़ित कृष्णपाल उर्फ गुड्डू ने बताया कि शाम के समय उनके घर में किसी मामले को लेकर पंचायत चल रही थी। इसी दौरान गांव के ही श्रीपाल, उसका बेटा कपिल, जगदीश और उसकी पत्नी अपने साथ लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर जबरन घर में घुस आए। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर कृष्णपाल व उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिससे आरोपी घबरा गए। जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि अगर महिला सरपंच या उसका पति बाहर मिले तो उन्हें जान से खत्म कर देंगे। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
कृष्णपाल ने बताया कि उनकी पत्नी बागपुर खुर्द की सरपंच हैं, और इसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया है। घटना के बाद परिवार में डर का माहौल है और उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी बागपुर की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। चांदहट थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर चार नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
shubham