पानीपत में कुत्ते को सरेआम मारी गोली: ‘हवाबाजी’ में युवक ने लाइसेंसी बंदूक से किया शिकार, पहले भी कर चुका वारदात

पानीपत के गांव बराना में एक युवक ने लाइसेंसी बंदूक से बेसहारा कुत्ते को गोली मार दी। ग्रामीणों ने आरोपी पर पहले भी ऐसी घटनाओं के आरोप लगाए हैं, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

पानीपत में कुत्ते को सरेआम मारी गोली: ‘हवाबाजी’ में युवक ने लाइसेंसी बंदूक से किया शिकार, पहले भी कर चुका वारदात

➤ गांव बराना में खाना खा रहे बेसहारा कुत्ते को युवक ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारी
➤ ग्रामीणों का आरोप- आरोपी पहले भी 4–5 कुत्तों को बना चुका है निशाना
➤ पुलिस ने केस दर्ज किया, लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग की जांच शुरू


पानीपत जिले के गांव बराना में लाइसेंसी हथियार के खुले दुरुपयोग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने अपनी ‘हवाबाजी’ और रसूख दिखाने के लिए गली में शांति से खाना खा रहे एक बेसहारा कुत्ते को गोली मार दी। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दी है।

शिकायत के अनुसार, सुबह के समय साहिल के पिता पशुओं को पानी पिला रहे थे। तभी गांव का ही रहने वाला विपिन त्यागी हाथ में लाइसेंसी बंदूक लेकर वहां पहुंचा। गली में मौजूद एक बेसहारा कुत्ता उस वक्त खाना खा रहा था। आरोप है कि बिना किसी उकसावे के विपिन ने अचानक कुत्ते पर फायर कर दिया। साहिल और उसके पिता ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखने का दावा किया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि यह पहली घटना नहीं है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी युवक पहले भी 4–5 कुत्तों को इसी तरह गोली मार चुका है। गांव में पहले से ही उसके व्यवहार और हथियारों के प्रदर्शन को लेकर डर का माहौल बना हुआ था, लेकिन इस बार घटना खुलेआम होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

कार्रवाई से बचने के लिए ‘ड्रामा’ करने का आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी पक्ष ने मामला उलझाने की कोशिश की। बताया गया कि आरोपी के भाई अमीश ने डॉक्टर की सलाह के बावजूद घायल कुत्ते को जबरन पकड़ लिया। दर्द से तड़प रहे कुत्ते ने बचाव में अमीश को काट लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि अब आरोपी पक्ष इसी डॉग बाइट को आधार बनाकर मेडिकल करवा रहा है, ताकि असली मामले से ध्यान हटाया जा सके और पुलिस कार्रवाई से बचा जा सके।

लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग पर सवाल

ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि गांव में लाइसेंसी हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन हो रहा है और उनका इस्तेमाल बेगुनाह जानवरों पर किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी और उसके बड़े भाई, दोनों के पास लाइसेंसी हथियार हैं और वे अक्सर इनका गलत इस्तेमाल कर गांव में दहशत का माहौल बनाते हैं।

सेक्टर 13–17 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि लाइसेंसी हथियार के नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।