बादशाह को लारेंस गैंग की गोली मारने की धमकी, लिखा- हरियाणा की संस्कृति खराब करने की कोशिश की; पानीपत फायरिंग की भी ली जिम्मेदारी

पानीपत में मनी एक्सचेंज सेंटर पर फायरिंग के बाद लॉरेंस गैंग के नाम से सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा और रैपर बादशाह को गोली मारने की धमकी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बादशाह को लारेंस गैंग की गोली मारने की धमकी, लिखा- हरियाणा की संस्कृति खराब करने की कोशिश की; पानीपत  फायरिंग की भी ली जिम्मेदारी

पानीपत फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पोस्ट से मचा हड़कंप
लॉरेंस गैंग के नाम से रैपर बादशाह को गोली मारने की धमकी
टटीरी सॉन्ग विवाद के बीच हरियाणा की संस्कृति खराब करने का आरोप


हरियाणा के पानीपत में शनिवार को असंध रोड स्थित मनी एक्सचेंज सेंटर पर हुई फायरिंग के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने से सनसनी फैल गई है। पोस्ट में लॉरेंस गैंग के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। साथ ही पोस्ट में बॉलीवुड सिंगर और रैपर Badshah को भी गोली मारने की धमकी दी गई है। हालांकि इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि अभी तक पुलिस या किसी एजेंसी ने नहीं की है।

पोस्ट में फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा


घटना के बाद सामने आई पोस्ट में लिखा गया कि आज जो हवाला कारोबारी गैरी और शैंकी के ऑफिस पर फायरिंग हुई है, वह रणदीप मलिक और अनिल पंडित USA ने करवाई है। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि यह हवाला के जरिए देश का पैसा बाहर भेज रहा था और उसे पहले भी चेतावनी दी गई थी। पोस्ट में आगे लिखा गया कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है और जो लोग हवाला का काम कर रहे हैं, वे समय रहते सुधर जाएं नहीं तो अंजाम बुरा होगा।

बादशाह को दी गोली मारने की धमकी


सोशल मीडिया पोस्ट के आखिरी हिस्से में रैपर बादशाह को भी धमकी दी गई। इसमें लिखा गया कि उन्होंने हरियाणा की संस्कृति खराब करने की कोशिश की है

पोस्ट में दावा किया गया कि 2024 में उनके क्लब पर ट्रेलर दिखाया गया था और अबकी बार सीधे माथे में गोली मारने की बात कही गई। इस धमकी के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

पहले जानिए पानीपत फायरिंग केस


शनिवार को पानीपत के असंध रोड पर अनेजा पेट्रोल पंप के सामने स्थित मनी एक्सचेंज सेंटर पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग की थी। दुकानदार गौरव के अनुसार दुकान के शीशे पर 7 गोलियों के निशान मिले हैं। घटना से पहले बदमाशों ने इलाके की रेकी भी की थी। मामले की जांच कर रहे DSP सतीश वत्स ने बताया कि प्राथमिक जांच में अभी तक किसी स्पष्ट रंजिश का पता नहीं चला है। पुलिस ने जांच के लिए CIA की टीमें लगा दी हैं और सीसीटीवी फुटेज में 3 युवक संदिग्ध रूप से दिखाई दिए हैं

टटीरी सॉन्ग को लेकर विवाद


दरअसल यह पूरा विवाद बादशाह के टटीरी सॉन्ग को लेकर भी चर्चा में है। यह गाना 1 मार्च को रिलीज हुआ था, जिसमें कैथल की सिंगर सिमरन जागलान ने भी आवाज दी थी।

गाना रिलीज होते ही इसके कुछ आपत्तिजनक रैप लाइन, लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते दिखाने और रोडवेज बस की क्लिप को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद पंचकूला और जींद में बादशाह के खिलाफ मामले दर्ज हुए। विवाद बढ़ने पर गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया

महिला आयोग में पेश नहीं हुए बादशाह


इस मामले में हरियाणा महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया था और 13 मार्च को पानीपत में बादशाह को पेश होने के लिए कहा था। हालांकि वे आयोग के सामने पेश नहीं हुए और उनकी जगह उनके वकील पहुंचे। इस पर महिला आयोग की चेयरपर्सन Renu Bhatia ने नाराजगी जताते हुए पानीपत और पंचकूला के पुलिस अधीक्षकों को बादशाह का पासपोर्ट जब्त करने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। फिलहाल पुलिस फायरिंग मामले और सोशल मीडिया पोस्ट दोनों की जांच कर रही है।