पानीपत में दर्दनाक हादसा: JCB ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत GT रोड पर तेज रफ्तार का कहर, टक्कर के बाद टायर शरीर के ऊपर से गुजरा

पानीपत के GT रोड पर दीवाना रोड के पास तेज रफ्तार JCB ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टायर शरीर के ऊपर से गुजरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पानीपत में दर्दनाक हादसा: JCB ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत  GT रोड पर तेज रफ्तार का कहर, टक्कर के बाद टायर शरीर के ऊपर से गुजरा

पानीपत में तेज रफ्तार JCB ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचला
टक्कर के बाद टायर शरीर के ऊपर से गुजरा, मौके पर ही मौत
वाहन छोड़कर फरार हुआ ड्राइवर, सेक्टर-29 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया


पानीपत जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रहे सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार शाम GT रोड पर दीवाना रोड के पास एक दर्दनाक हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जब एक तेज रफ्तार JCB मशीन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और JCB का भारी टायर उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन को कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-29 थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विपिन कुमार के रूप में हुई है, जो पानीपत के कृष्णपुरा की पीर वाली गली के रहने वाले थे। उनकी बेटी सोनी रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता GT रोड स्थित ओम ओवरसीज कंपनी में काम करते थे। गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपनी साइकिल पर घर लौट रहे थे

परिवार के अनुसार जब विपिन कुमार दीवाना रोड के पास फोर-लेन सड़क पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार JCB ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि JCB चालक वाहन को बेहद तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर लगते ही विपिन कुमार सड़क पर गिर पड़े और मशीन का भारी टायर उनके ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक JCB को कुछ दूरी पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की और वाहन को भी जब्त कर लिया।

इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोनी रानी ने बताया कि उनके भाई की पहले ही मौत हो चुकी है, ऐसे में अब घर में दो बहनें ही रह गई हैं और पिता ही परिवार का मुख्य सहारा थे। हादसे की खबर मिलते ही सोनी रानी अपने पति अजय सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं, जहां सड़क पर पिता का शव और टूटी हुई साइकिल पड़ी हुई थी। यह दृश्य देख परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सेक्टर-29 थाना पुलिस ने आरोपी JCB चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा