पानीपत में SHO को MLA की फटकार, कार्रवाई न करने पर दी चेतावनी
पानीपत में MLA मनमोहन भड़ाना ने SHO को फोन पर फटकार लगाई। पीड़ित के साथ कथित पुलिस प्रताड़ना मामले में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
■ MLA ने SHO को लगाई फटकार, बोले- आदेश नहीं मानोगे तो भुगतना पड़ेगा
■ थाने में प्रताड़ना के आरोप पर भड़के, पीड़ित से मिलकर कार्रवाई के दिए निर्देश
■ CM और DGP से शिकायत की चेतावनी, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
हरियाणा के पानीपत जिले में समालखा से BJP विधायक मनमोहन भड़ाना ने चांदनीबाग थाना प्रभारी (SHO) संदीप कुमार को फोन पर जमकर फटकार लगाई। बातचीत के दौरान विधायक ने तीखे लहजे में कहा कि उन्होंने पहले भी दो बार आदेश दिए थे, लेकिन SHO ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया।
विधायक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर आदेशों का पालन नहीं किया गया, तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब व्यक्ति के साथ अन्याय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पीड़ित के मामले में तुरंत कार्रवाई के निर्देश
विधायक ने SHO को निर्देश दिया कि वह खुद जाकर पीड़ित व्यक्ति से मिलें और उसकी शिकायत दर्ज करें। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पीड़ित ने पुलिस पर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप क्यों लगाए।
विधायक ने कहा कि अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो वे इस मामले को सीधे मुख्यमंत्री और DGP के सामने उठाएंगे और FIR दर्ज करवाई जाएगी।
लाइनहाजिर कार्रवाई पर भी जताई नाराजगी
SHO द्वारा एक आरोपी पुलिसकर्मी को लाइनहाजिर किए जाने की जानकारी देने पर भी विधायक संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने कहा कि घटना के समय मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी पर भी तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने साफ कहा कि किसी भी दोषी को बचाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ी तो वे उच्च अधिकारियों से सीधी बात करेंगे।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला ऊझा गांव के एक व्यक्ति जितेंद्र से जुड़ा है, जिसे 13 अप्रैल को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। आरोप है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और कुछ लोगों ने उस पर मानसिक दबाव बनाया और प्रताड़ित किया।
पीड़ित की पत्नी के अनुसार, इसी दबाव के चलते जितेंद्र ने थाने की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस पर बढ़ा दबाव, कार्रवाई पर नजर
इस पूरे मामले के बाद पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। विधायक की सख्ती के बाद अब यह देखना होगा कि पुलिस आगे क्या कदम उठाती है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।
pooja