सात वर्षीय मासूम छात्र को उल्‍टा बांधकर पीटने के मामले में आरोपी वैन चालक और प्रिसिंपल गिरफ्तार

पानीपत में दूसरी कक्षा के छात्र को स्कूल वैन ड्राइवर ने खिड़की से उल्टा बांधकर पीटा। प्रिंसिपल पर भी अन्य बच्चों को पीटने का आरोप। वीडियो वायरल होने पर परिजनों ने शिकायत दी। पुलिस ने ड्राइवर और प्रिंसिपल दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

सात वर्षीय मासूम छात्र को उल्‍टा बांधकर पीटने के मामले में आरोपी वैन चालक और प्रिसिंपल गिरफ्तार

वैन ड्राइवर ने छात्र को खिड़की से उल्टा बांधकर पीटा
प्रिंसिपल पर भी अन्य बच्चों को पीटने का आरोप
पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार, केस दर्ज


हरियाणा के पानीपत में  दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले सात वर्षीय मासूम छात्र को उल्‍टा बांधकर पीटने के मामले में आरोपी वैन चालक और प्रिसिंपल दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। 

बता दें कि यह मामला उस समय उजागर हुआ जब बच्चे के परिजनों ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो देखी। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा था कि बच्चा बुरी तरह रस्सी से उल्टा लटका हुआ है और उसकी पिटाई की जा रही है। वीडियो के दूसरे हिस्से में स्कूल की प्रिंसिपल रीना को भी छोटे बच्चों पर थप्पड़ों की बरसात करते हुए देखा गया।

पीड़ित छात्र की मां डोली, जो मुखीजा कॉलोनी की रहने वाली हैं, ने बताया कि उनका बेटा हाल ही में विराट नगर स्थित सरिजन पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा में दाखिला लिया था। शनिवार को इंस्टाग्राम पर वीडियो देखने के बाद परिवार तुरंत स्कूल पहुँचा। जब उन्होंने प्रिंसिपल से पूछा तो प्रिंसिपल ने पूरा ठीकरा स्कूल वैन ड्राइवर अजय पर फोड़ा। उनका कहना था कि 13 अगस्त को स्कूल में कोई मेल टीचर मौजूद नहीं था, इसीलिए छात्र को डांटने की जिम्मेदारी ड्राइवर को दी गई थी, लेकिन उसने हद पार कर दी।

बच्चे से पूछताछ में यह भी सामने आया कि अजय ने न केवल पिटाई की बल्कि फोटो और वीडियो बनाकर दोस्तों को वीडियो कॉल पर दिखाया। घटना के बाद परिजन और प्रिंसिपल आरोपी के घर रिफाइनरी रोड पहुंचे, लेकिन अजय वहां नहीं मिला। फोन करने पर उसने अपने घर पर 20–25 युवकों का झुंड बुला दिया, जिन्होंने परिजनों से झगड़ा किया और उनका पीछा भी किया। घबराए परिजन सीधे थाने पहुँचे और पुलिस से शिकायत दर्ज करवाई।

पानीपत पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ड्राइवर अजय और स्कूल की प्रिंसिपल रीना को गिरफ्तार कर लिया है। अजय के खिलाफ 115, 127(2), 351(2) BNS और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट 2015 की धारा 75 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे गहन जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।