पानीपत में हाईटेंशन तार से टकराया ट्रक, वेस्ट कपड़े में लगी भीषण आग,लाखों का माल जलकर खाक

पानीपत में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकराने पर वेस्ट कपड़ों से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। हादसे में लाखों रुपये का माल और ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया।

पानीपत में हाईटेंशन तार से टकराया ट्रक, वेस्ट कपड़े में लगी भीषण आग,लाखों का माल जलकर खाक

11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार से छूते ही वेस्ट कपड़े से भरे ट्रक में लगी भीषण आग

आग की चपेट में आने से ट्रक का टायर फटा, इलाके में मची अफरा-तफरी

फायर ब्रिगेड पर डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचने के आरोप, लाखों का माल जलकर खाक

पानीपत शहर के नूरवाला कुटानी रोड स्थित गैस गोदाम के पास बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। विदेश से आयातित वेस्ट कपड़े से भरा एक ओवरलोड ट्रक गोदाम की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया।

तारों से संपर्क होते ही जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ और ट्रक में लदे कपड़ों ने तुरंत आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ ही देर बाद ट्रक का एक टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

जानकारी के अनुसार ट्रक में लदा वेस्ट कपड़ा विदेश से आयात कर पानीपत लाया गया था। माल को नूरवाला कुटानी रोड स्थित गोदाम में उतारा जाना था। गली में प्रवेश करते समय ट्रक की ऊंचाई हाईटेंशन तारों से टकरा गई, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलने पर फायर विभाग की 10 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए सामान्य पानी की गाड़ियों के साथ विशेष फोम टेंडर भी बुलाने पड़े। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।

हादसे के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में फायर विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि आग लगने की सूचना तत्काल दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ियां करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंचीं। तब तक ट्रक और उसमें भरा अधिकांश माल जल चुका था।

इस हादसे में लाखों रुपये मूल्य का आयातित कपड़ा और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस और बिजली विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं हादसे के कारण इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।