BREAKING:पीएम मोदी 25 नवंबर को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शहीदी दिवस समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस समारोह में शामिल होंगे। चार यात्राओं के जरिए राज्यभर में गुरु साहिब के संदेश का प्रचार होगा।
-
पीएम नरेंद्र मोदी 25 नवंबर, 2025 को कुरुक्षेत्र में शहीदी दिवस समारोह में होंगे
-
हरियाणा में चार विशेष यात्राएं आयोजित की जाएंगी
-
राज्य सरकार और HSGPC यात्राओं के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए तैयार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा दौरा तय हो गया है। पीएम मोदी 25 नवंबर, 2025 को कुरुक्षेत्र में आयोजित गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस समारोह में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम गुरु साहिब द्वारा प्रचारित शांति, त्याग और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश फैलाने का प्रमुख अवसर होगा।
प्रधानमंत्री का यह दौरा पहले 17 अक्टूबर, 2025 को सोनीपत में होना था, लेकिन IPS वाई पूरन कुमार और ASI संदीप लाठर के सुसाइड के बाद मचे विवाद के चलते इसे रद्द कर दिया गया था। अब दोबारा इस दौरे की योजना बनाई गई है। हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने बिहार दौरे के दौरान पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पीएम के हरियाणा आने का अनुरोध किया था, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया।
हरियाणा सरकार ने इस अवसर पर चार विशेष यात्राओं के आयोजन का निर्णय लिया है। डीजी सूचना विभाग की ओर से सभी जिलों के जिलाधिकारियों को एक लेटर जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि ये यात्राएं गुरु तेग बहादुर के संदेशों को राज्य के विभिन्न जिलों में फैलाने के लिए निकाली जाएंगी।
यात्राओं का शेड्यूल इस प्रकार है: पहली यात्रा 8 नवंबर, 2025 को रोड़ी, जिला सिरसा से शुरू होगी; दूसरी यात्रा 11 नवंबर, 2025 को पिंजौर से; तीसरी यात्रा 14 नवंबर, 2025 को फरीदाबाद से; और चौथी यात्रा 18 नवंबर, 2025 को जिला यमुनानगर के कपाल मोचन से प्रारंभ होगी। सभी यात्राएं अंततः कुरुक्षेत्र में समाप्त होंगी, जहां 25 नवंबर, 2025 को भव्य शहीदी दिवस समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री की उपस्थिति होगी।
सभी यात्राओं को मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। योजना इस प्रकार बनाई गई है कि गुरु साहिब से जुड़े प्रमुख स्थलों को कवर किया जा सके और लोगों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हो। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (HSGPC) ने इन यात्राओं के आयोजन में सहयोग और समर्थन देने की सहमति प्रदान की है।
राज्य सरकार ने सभी जिलों के डीसी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्राधिकार में इन यात्राओं और अन्य संबंधित कार्यक्रमों के संचालन में पूरी तरह सहयोग करें। सुरक्षा, ट्रैफिक और जन सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
Author1