पूजा बोहरा बनीं 10 नेशनल खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बॉक्सर!

भिवानी की पूजा बोहरा ने सीनियर कैटेगरी में 10 नेशनल खिताब जीतकर इतिहास रचा। एलीट महिला नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर बनीं भारत की पहली महिला।

पूजा बोहरा बनीं 10 नेशनल खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बॉक्सर!

भिवानी की पूजा बोहरा ने नेशनल लेवल पर सीनियर कैटेगरी में 10 खिताब जीतकर रचा इतिहास
10 नेशनल खिताब जीतने वाली भारत की पहली महिला मुक्केबाज बनीं पूजा बोहरा
ग्रेटर नोएडा में 9वीं एलीट महिला नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता


   हरियाणा के भिवानी की पूजा बोहरा ने भारतीय महिला मुक्केबाजी में नया इतिहास रच दिया है। पूजा ने सीनियर नेशनल कैटेगरी में 10 खिताब जीतकर भारत की पहली महिला मुक्केबाज बनने का गौरव हासिल किया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भिवानी की ही कविता चहल के नाम था, जिन्होंने 9 बार नेशनल खिताब जीते थे।

ग्रेटर नोएडा में 10 जनवरी को समाप्त हुई 9वीं एलीट महिला नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पूजा बोहरा ने 75–80 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने रोहतक की नैना को 5-0 से शिकस्त दी। नैना इससे पहले यूथ चैंपियन रह चुकी हैं।

चैंपियनशिप के बाद मंगलवार को जब पूजा भिवानी लौटीं, तो शहर में उनका जोरदार स्वागत किया गया। पूजा का खेल सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने परिवार से छिपकर बॉक्सिंग की शुरुआत की। शुरुआती दौर में परिवार और समाज का विरोध, फिर चोट और इंजरी, और बाद में शादी के बाद वापसी, हर मोड़ पर पूजा ने खुद को साबित किया।

पूजा ने बताया कि उनके पिता राजबीर सिंह बोहरा पुलिस विभाग में थे और शुरू में बॉक्सिंग के पक्ष में नहीं थे। मां दमयंती भी बेटी को चोट लगने को लेकर चिंतित रहती थीं। पूजा ने 2009 में खेल की शुरुआत की और पहले बास्केटबॉल सहित अन्य खेल भी आजमाए। बाद में कोच संजय श्योराण की पत्नी मुकेश श्योराण ने पूजा की प्रतिभा को पहचाना और बॉक्सिंग की राह खुली।

एक समय ऐसा भी आया जब आंख के ऊपर गंभीर चोट लगने के बाद पूजा को घर से दूर कोच के यहां रुकना पड़ा, ताकि परिवार को पता न चले। जब पिता को बॉक्सिंग का पता चला तो उन्होंने साफ मना कर दिया, लेकिन कोच की समझाइश के बाद वे धीरे-धीरे मान गए।

2016 में दिवाली पर हाथ में पटाखा फटने से पूजा का हाथ बुरी तरह झुलस गया। इसके बाद कंधे की गंभीर इंजरी ने उनके करियर को रोक दिया। करीब डेढ़ साल तक संघर्ष के बाद पूजा ने फिर कमबैक किया

फरवरी 2023 में शादी के बाद भी खेल जगत में यह चर्चा थी कि पूजा अब रिंग में नहीं लौटेंगी, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद उन्होंने दिसंबर 2023 में नेशनल चैंपियनशिप का गोल्ड जीतकर सबको गलत साबित कर दिया। पूजा ने अपने इस सफर में पति आकाश सिंहमार और सास सरला देवी के सहयोग को अहम बताया।