हरियाणा में सेना के जवान ने फांसी लगाकर दी जान
रेवाड़ी के नेहरूगढ़ गांव में सेना के जवान योगेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जवान की पोस्टिंग बाड़मेर में थी और वह 25 दिन पहले छुट्टी पर घर आया था।
• रेवाड़ी में सेना के जवान ने फांसी लगाकर दी जान
• 25 दिन पहले छुट्टी पर घर आया था जवान, बाड़मेर में थी पोस्टिंग
• पत्नी प्रेग्नेंट, एक साल का बेटा भी है
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में सेना के एक जवान द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जवान ने गांव स्थित अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान रेवाड़ी के गांव नेहरूगढ़ निवासी योगेश (28) के रूप में हुई है। योगेश भारतीय सेना में वर्ष 2022 में भर्ती हुए थे और उनकी वर्तमान पोस्टिंग राजस्थान के बाड़मेर में थी।
जानकारी के अनुसार योगेश करीब 25 दिन पहले छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। मंगलवार को उन्होंने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही नाहड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
परिजनों का कहना है कि जवान पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में था। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
योगेश की पारिवारिक स्थिति भी बेहद भावुक कर देने वाली है। उनका करीब एक साल का बेटा है, जबकि पत्नी गर्भवती बताई जा रही है। उनकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में पिता, दादा-दादी और छोटा भाई मौजूद हैं। छोटा भाई निजी कंपनी में नौकरी करता है।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
pooja