बेटे के सामने दुकानदार बाप की गोली मारकर हत्या, पढ़ें पूरी खबर
rewari-shopkeeper-shot-dead-bhala-village
- रेवाड़ी में दुकानदार की गोली मारकर हत्या
- खाद-बीज की दुकान पर बेटे के सामने वारदात
- बाइक सवार दो बदमाश फायरिंग कर फरार
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में मंगलवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। भाला गांव में खाद-बीज की दुकान चलाने वाले दुकानदार की बदमाशों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना के समय दुकानदार अपने बेटे के साथ दुकान पर बैठा हुआ था। अचानक आए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार भाला गांव निवासी मोहन उम्र करीब 50 वर्ष गांव में खाद-बीज की दुकान चलाते थे। मंगलवार शाम करीब चार बजे वह अपने बेटे दुष्यंत के साथ दुकान पर मौजूद थे। तभी बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने दुकान के अंदर घुसते ही मोहन पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने कुल चार राउंड फायर किए।
फायरिंग के दौरान दुष्यंत कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद दुष्यंत ने बदमाशों का पीछा किया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया। ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल मोहन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही डीएसपी क्राइम सुरेंद्र श्योराण कोसली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। मौके से तीन खोखे और एक डैमेज कारतूस बरामद किया गया है। दुकान के फर्श पर खून बिखरा हुआ मिला।
घटना के बाद से मोहन के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल परिवार की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या आपसी रंजिश का परिणाम है या किसी अन्य कारण से वारदात को अंजाम दिया गया।
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात के बाद फरार हो गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author1