कांग्रेस विधायक रेनू बाला के पति ऋषिपाल BJP में शामिल
हरियाणा के साढौरा से कांग्रेस विधायक रेनू बाला के पति इंजीनियर ऋषिपाल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी में भाजपा जॉइन कर ली। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है।
■ साढौरा विधायक रेनू बाला के पति इंजीनियर ऋषिपाल ने BJP जॉइन की
■ CM नायब सैनी ने व्यासपुर कार्यक्रम में कराई औपचारिक जॉइनिंग
■ रेनू बाला कार्यक्रम से रहीं दूर, टिकट और राजनीतिक समीकरणों पर शुरू हुई चर्चा
हरियाणा के यमुनानगर जिले में शुक्रवार को साढौरा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। कांग्रेस से निलंबित विधायक रेनू बाला के पति इंजीनियर ऋषिपाल ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यासपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया।
हालांकि इस कार्यक्रम में विधायक रेनू बाला खुद मौजूद नहीं रहीं, जबकि पिछले कई दिनों से वह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में लोगों को निमंत्रण देती नजर आ रही थीं।
BJP में आकर अच्छा महसूस कर रहा हूं: ऋषिपाल
भाजपा में शामिल होने के बाद ऋषिपाल ने कहा कि कांग्रेस में विकास की राजनीति की बजाय कुर्सी की राजनीति हावी हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होकर उन्हें अच्छा महसूस हो रहा है और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नायब सैनी की नीतियों से प्रभावित हैं।
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधायक रेनू बाला अभी कांग्रेस से केवल निलंबित हैं, निष्कासित नहीं। ऐसे में उनकी राजनीतिक पहचान फिलहाल कांग्रेस से ही जुड़ी रहेगी।
क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस ने किया था निलंबित
रेनू बाला का नाम राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई कथित क्रॉस वोटिंग में सामने आया था। कांग्रेस ने इस मामले में जिन पांच विधायकों को निलंबित किया था, उनमें रेनू बाला भी शामिल थीं।
इसके बाद से उन्हें कांग्रेस की बैठकों और कार्यक्रमों से दूरी बनानी पड़ी। वहीं दूसरी ओर वे लगातार सरकारी कार्यक्रमों में भाजपा नेताओं के साथ नजर आ रही थीं।
विधायक क्यों नहीं कर सकतीं BJP जॉइन?
राजनीतिक और कानूनी जानकारों के अनुसार यदि कोई मौजूदा विधायक अपनी पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल होता है तो उसकी विधानसभा सदस्यता खतरे में पड़ सकती है।
यही कारण माना जा रहा है कि फिलहाल रेनू बाला ने भाजपा की सदस्यता नहीं ली, जबकि उनके पति ऋषिपाल ने पार्टी जॉइन कर ली है।
साढौरा सीट पर बदल सकते हैं राजनीतिक समीकरण
ऋषिपाल की भाजपा में एंट्री को आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक बलवंत सिंह भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि रेनू बाला ने लगातार दो विधानसभा चुनावों में बलवंत सिंह को हराकर जीत दर्ज की थी। ऐसे में दोनों राजनीतिक परिवारों का एक मंच पर आना कई नए राजनीतिक संकेत दे रहा है।
राजनीतिक गलियारों में अब चर्चा शुरू हो गई है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा साढौरा सीट पर किस चेहरे को आगे करेगी और क्या ऋषिपाल की एंट्री टिकट की राजनीति को प्रभावित करेगी।
रेनू बाला का राजनीतिक सफर
रेनू बाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत जिला परिषद चुनाव से की थी। वह पहले निर्दलीय चुनाव लड़ीं और बाद में भाजपा में शामिल होकर जिला परिषद चेयरपर्सन बनीं।
इसके बाद 2019 विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस जॉइन की और साढौरा सीट से लगातार दो बार विधायक चुनी गईं। अब उनके पति के भाजपा में शामिल होने से उनके भविष्य को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
pooja