बदमाश गोगा हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता मुठभेड़ में गिरफ्तार, SI को मारी गोली,बुलैट प्रूफ जैकेट ने बचाई जान, जवाबी फायरिंग में घायल
रोहतक के दिल्ली बाईपास पर हुए दिनेश उर्फ गोगा हत्याकांड के मुख्य आरोपी साहिल उर्फ सुक्खा को CIA-1 टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। सात राउंड फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि बुलेटप्रूफ जैकेट ने एसआई सत्यवान की जान बचाई।
➤ शिमली-बालंद लिंक रोड पर देर रात पुलिस-बदमाश आमने-सामने
➤ बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई SI सत्यवान की जान
➤ गोगा की हत्या में गैंग के सरगना साहिल उर्फ सुक्खा की भूमिका उजागर
रोहतक के दिल्ली बाईपास पर हुए दिनेश उर्फ गोगा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। CIA-1 टीम ने देर रात शिमली-बालंद लिंक रोड पर मुठभेड़ के बाद वारदात के मुख्य सूत्रधार और बाबा गैंग के सरगना साहिल उर्फ सुक्खा को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस अधिकारी एसआई सत्यवान बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गए।
पुलिस टीम पर किया सीधा फायर
पुलिस के अनुसार CIA-1 टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि साहिल उर्फ सुक्खा शिमली-बालंद लिंक रोड पर संदिग्ध गतिविधियों के साथ घूम रहा है। टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने जान से मारने की नीयत से सीधा फायर कर दिया।
SI सत्यवान की बची जान
फायरिंग के दौरान CIA टीम में शामिल एसआई सत्यवान को गोली लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। हवाई फायर के साथ आरोपी की ओर चार राउंड फायर किए गए। इस दौरान बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपी को काबू कर इलाज के लिए PGI में भर्ती कराया।
दोनों तरफ से चले 7 राउंड
मुठभेड़ में आरोपी की तरफ से तीन राउंड फायर पुलिस टीम पर किए गए, जबकि पुलिस की तरफ से चार राउंड फायर हुए। कुल सात राउंड फायरिंग के बाद आरोपी को काबू किया गया। घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए गए और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
अपनी ही गैंग के सदस्य को दिया धोखा
जांच में सामने आया है कि गांव रिटोली निवासी बाबा गैंग का सरगना साहिल उर्फ सुक्खा ने अपनी ही गैंग के सदस्य दिनेश उर्फ गोगा को धोखा दिया था। फायरिंग के दौरान वह गोगा के साथ मौजूद था और उसकी मुखबरी हिमांशु भाऊ गैंग को दी थी। इसी सूचना के आधार पर दिनेश उर्फ गोगा को गोलियों से भून दिया गया था।
पुलिस खंगाल रही आपराधिक रिकॉर्ड
ASP वाईवीआर शशि शेखर ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ। उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
Akhil Mahajan