रोहतक में स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई, हथियारों के साथ बदमाश गिरफ्तार
रोहतक में स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों के साथ बदमाश को गिरफ्तार किया। चार रिवॉल्वर और 11 कारतूस बरामद। दो युवकों की हत्या की साजिश नाकाम हुई।
- स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों से लैस बदमाश को दबोचा
- चार स्वदेशी रिवॉल्वर और 11 जिंदा कारतूस बरामद
- दो युवकों की हत्या की साजिश नाकाम, बड़ी वारदात टली
रोहतक पुलिस की स्पेशल सेल ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों से लैस एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार स्वदेशी रिवॉल्वर और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। समय रहते कार्रवाई से जिले में एक बड़ी वारदात टल गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहतक जिले के गांव टिटौली निवासी नवीन उर्फ मोनू के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी ड्रेन नंबर 8 के पास एक बैग में अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को काबू किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से चार स्वदेशी रिवॉल्वर और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है और लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।
प्राथमिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने ही गांव के दो युवकों की हत्या की साजिश रच रहा था। आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी के चलते वह वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस की सतर्कता से इस साजिश पर समय रहते रोक लग गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया है। पुलिस ने आरोपी का पांच दिन का रिमांड मांगा है, ताकि उससे पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और संभावित गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
इस मामले में रोहतक पुलिस के डीएसपी रवि खुंडिया ने कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Author1