सिरसा में 4 वर्षीय बच्ची की किडनैपिंग के बाद हत्या, माइनर में मिला शव

सिरसा के डबवाली क्षेत्र में 4 वर्षीय बच्ची की किडनैपिंग के बाद हत्या कर दी गई। शव माइनर में मिला। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

सिरसा में 4 वर्षीय बच्ची की किडनैपिंग के बाद हत्या, माइनर में मिला शव

पड़ोस में आया युवक बाइक पर बैठाकर बच्ची को ले गया
CCTV में कैद हुई किडनैपिंग की पूरी वारदात
आरोपी गिरफ्तार, माइनर से बरामद हुआ बच्ची का शव



हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामपुरा बिश्नोईयां गांव से लापता हुई 4 वर्षीय बच्ची की किडनैपिंग के बाद हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह बच्ची का शव गांव के बाहर माइनर में पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही डबवाली की पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। बच्ची के शव मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची मंगलवार शाम को घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान पड़ोस में अपनी बहन के यहां आया युवक संजय उसे चीज दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। यह पूरी घटना गांव के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें युवक बच्ची को बाइक पर बिठाकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय पहले अपने 14 वर्षीय भांजे को बाइक देकर बच्ची को घर से लाने भेजता है। इसके बाद वह स्वयं बाइक पर बैठकर बच्ची और भांजे को गांव से बाहर ले जाता है। कुछ दूरी पर जाकर आरोपी भांजे को उतार देता है और बच्ची को अकेले लेकर झूठीखेड़ा गांव की ओर चला जाता है।

शाम को बच्ची के घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली और भांजे से पूछताछ की। पूछताछ में भांजे ने पूरी घटना पुलिस को बता दी।

बुधवार सुबह बच्ची का शव गांव के बाहर छोटी माइनर में पड़ा मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपी संजय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी अपने गांव मोरीवाला चला गया था और डर के कारण खेतों में बाग में छिपा हुआ था।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच जारी है।