हरियाणा पुलिस ने राजस्थान में दबोचे 5 साइबर ठग, वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 13.59 लाख की ठगी
हरियाणा के सोनीपत में वर्क फ्रॉम होम के झांसे में युवक से ₹13.59 लाख की साइबर ठगी का मामला सामने आया। पुलिस ने राजस्थान व गुजरात से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
➤ वर्क फ्रॉम होम के झांसे में युवक से 13.59 लाख की ठगी
➤ 5 आरोपी राजस्थान और गुजरात से गिरफ्तार
➤ साइबर ठगी में 9300 रुपए व 3 मोबाइल बरामद, आरोपी न्यायिक हिरासत में
हरियाणा के सोनीपत में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें वर्क फ्रॉम होम और टास्क पूरा करके पैसे कमाने के लालच में एक युवक से कुल ₹13,59,560 की ठगी की गई। पुलिस आयुक्त ममता सिंह IPS, ADGP के कुशल नेतृत्व में, साइबर थाना सोनीपत की टीम ने इस मामले में राजस्थान व गुजरात से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रधान सारण, रवि चौधरी, जितेन्द्र उर्फ जीतू (तीनों जिला जोधपुर, राजस्थान), जेकनभाई पातलिया (जिला बनासकांठा, गुजरात) और हितेश उर्फ हीरालाल (जिला जालौर, राजस्थान) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से ₹9300 और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस प्रवक्ता ASI रविंद्र सिंह ने बताया कि सन्नी नामक पीड़ित ने साइबर थाना सोनीपत में शिकायत दर्ज कराई थी। उसे AJIO GROUP की ओर से वर्क फ्रॉम होम का झांसा दिया गया। टेलीग्राम लिंक पर जुड़े युवक को पहले 606 रुपए देने का प्रलोभन दिया गया, फिर प्रीपेड टास्क के तहत ₹8700 जमा कर ₹6932 वापस दिए गए। इसके बाद ₹10,962 जमा करने पर 28,075 रुपए की ऑफर दी गई।
पिछले टास्क में युवक से ₹1,00,000 जमा करवाए गए और फिर अतिरिक्त ₹1,67,710 की मांग की गई। युवक ने क्रमशः ₹1,00,000, ₹50,000 और ₹17,710 जमा किए। 31 मई से 6 जून 2025 के बीच कुल ₹13,59,560 ठग लिए गए। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने मना कर दिया।
पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की खोजबीन कर राजस्थान व गुजरात से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने आम जनता से साइबर क्राइम से बचाव के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की।