पुलिस वर्दी में आए बदमाशों ने कारोबारी से 15 लाख लूटे

सोनीपत में पुलिस वर्दी पहनकर आए बदमाशों ने पानीपत के कारोबारी से 15 लाख रुपए लूट लिए। आरोपियों ने चेकिंग के बहाने कार रुकवाकर नशीला पदार्थ सुंघाया।

पुलिस वर्दी में आए बदमाशों ने कारोबारी से 15 लाख लूटे

पुलिस वर्दी में आए बदमाशों ने कारोबारी से 15 लाख लूटे

चेकिंग के बहाने कार रुकवाकर नशीला पदार्थ सुंघाने का आरोप

सोनीपत पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी

 विस्तृत खबरहरियाणा के सोनीपत में दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। पानीपत के एक बैटरी कारोबारी से पुलिस की वर्दी पहनकर आए बदमाशों ने करीब 15 लाख रुपए और मोबाइल फोन लूट लिया। कारोबारी का आरोप है कि आरोपियों ने चेकिंग के बहाने उनकी कार रुकवाई और फिर नशीला पदार्थ सुंघाकर वारदात को अंजाम दिया।

घटनास्थल पर खड़े कारोबारी के परिजन। - Dainik Bhaskar

घटना मंगलवार को बड़ी औद्योगिक क्षेत्र के पास जीटी रोड पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। कई थाना प्रभारियों और ACP स्तर के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार पानीपत निवासी बैटरी कारोबारी साहिल ग्रोवर किसी काम से सोनीपत आए थे। जब वह जीटी रोड से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। दोनों युवक कथित तौर पर पुलिस की वर्दी में थे।

साहिल ग्रोवर ने बताया कि युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए चेकिंग की बात कही और कार साइड में लगवा ली। इसी दौरान बातचीत के बीच उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया गया, जिससे वह अचेत हो गए।

आरोप है कि बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर अंदर रखा करीब 15 लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन निकाल लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पानीपत के एक बैटरी कारोबारी से दिनदहाड़े करीब 15 लाख रुपए और मोबाइल फोन लूट लिया गया।

कुछ देर बाद होश आने पर साहिल ने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। राहगीरों के मोबाइल से उन्होंने अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद परिवार के सदस्य और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

घटना की सूचना मिलते ही ACP ऋषिकांत समेत बड़ी थाना और गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।

फिलहाल पुलिस जीटी रोड और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर नकली पुलिस बनकर वारदात करने वाले गिरोहों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।