मुरथल में बच्चे का जन्मदिन मनाने जा रहा परिवार हादसे की शिकार, दो सगी बहनें की मौत, तीन गंभीर
सोनीपत NH-44 पर तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी कार को 100 मीटर तक घसीटा। हादसे में 2 सगी बहनों की मौत और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
सोनीपत हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी कार को 100 मीटर घसीटा, 2 सगी बहनों की मौत
➤ हाईवे पर खड़ी कार को ट्रक ने मारी भीषण टक्कर
➤ 100 मीटर तक घसीटी कार, दो सगी बहनों की मौके पर मौत
➤ बर्थडे मनाने जा रहा परिवार हादसे का शिकार
हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे-44 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे सर्विस लेन में खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार करीब 100 मीटर तक ट्रक के साथ घसीटती चली गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को सिविल अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया गया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखवाया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, कार सवार परिवार दिल्ली के उत्तम नगर से मुरथल में एक बच्चे का जन्मदिन मनाने के लिए जा रहा था। राई थाना क्षेत्र के पास गोल्डन हट ढाबे के सामने सर्विस लेन में कार रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने संतुलन खो दिया और रेलिंग तोड़ते हुए सीधे कार में जा घुसा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार को करीब 100 मीटर तक घसीटा गया और वाहन मलबे में बदल गया। इस हादसे में मनदीप कौर (27) और उनकी बहन मनप्रीत कौर (38) की मौके पर ही मौत हो गई। मनप्रीत कौर पंजाब के अमृतसर की रहने वाली थीं, जबकि मनदीप कौर दिल्ली के तिलक नगर क्षेत्र की निवासी थीं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।
Akhil Mahajan