सोनीपत में घर में घुसकर युवक की चाकू मारकर हत्या , मां को कमरे में बंद कर लुटेरों ने की लूटपाट

सोनीपत में लुटेरों ने घर में घुसकर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। मां को कमरे में बंद कर ज्वेलरी लूटी गई। पुलिस CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

सोनीपत में घर में घुसकर युवक की चाकू मारकर हत्या , मां को कमरे में बंद कर लुटेरों ने की लूटपाट

• सोनीपत में घर में घुसे लुटेरों ने युवक की चाकू मारकर हत्या
• मां को कमरे में बंद कर ज्वेलरी और कीमती सामान लूटा
• मृतक का बड़ा भाई भारतीय वायुसेना में तैनात


सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में लूटपाट के दौरान एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। देर रात घर में घुसे लुटेरों ने पहले युवक की मां से कानों की बालियां लूटीं, फिर उसे कमरे में बंद कर दिया। जब युवक ने लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी छाती में चाकू मारकर हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को खानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम में डॉक्टरों ने बताया कि युवक की मौत दिल के पास चाकू लगने से हुई। शरीर पर चाकू के दो घाव पाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार यह वारदात गांव मल्हा माजरा में हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय साहिल के रूप में हुई है। साहिल गांव में रहकर खेतीबाड़ी करता था और परिवार का मुख्य सहारा था। वह विवाहित था।

पीड़िता सुनीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात के समय उनका परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान चार बदमाश घर में घुस आए। दो बदमाशों के हाथों में पिस्तौल, एक के पास लकड़ी काटने का दाव और एक के पास चाकू था। एक बदमाश का चेहरा ढका हुआ था, जबकि तीन के चेहरे साफ दिख रहे थे।

सुनीता के मुताबिक बदमाशों ने सबसे पहले उसके साथ जोर-जबरदस्ती कर कानों की बालियां उतरवा लीं और उसे कमरे में बंद कर दिया। विरोध करने पर पिस्तौल और चाकू दिखाकर उसे चुप करा दिया गया। इसके बाद बदमाश घर के अन्य कमरों में लूटपाट करने लगे।

इसी दौरान साहिल की नींद खुल गई। उसने बदमाशों को देखकर लूटपाट का विरोध किया। इस पर बदमाशों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। सुनीता के अनुसार बदमाश साहिल को घसीटकर उसके पास ले आए और कनपटी पर पिस्तौल तान दी। साहिल के पेट पर चाकू अड़ाकर माल के बारे में पूछा गया। साहिल ने अलमारी की चाबी दे दी, लेकिन इसके बावजूद एक बदमाश ने उसकी छाती में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर कुंडली थाना में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी जितेंद्र ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक मृतक साहिल का बड़ा भाई भारतीय वायुसेना में तैनात है। घटना के बाद से मां सुनीता गहरे सदमे में हैं।