1500रुपए राशन का उधार नहीं चुकाया तो कर दिया मर्डर , सोनीपत में वारदात
सोनीपत में 1500 रुपए के उधार को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। आरोप है कि दुकानदार ने साथियों के साथ मिलकर हमला किया और सिर खंभे पर मार दिया।
➤ 1500 रुपए के उधार ने ले ली व्यक्ति की जान
➤ दुकानदार पर घर में घुसकर हत्या करने का आरोप
➤ सोनीपत में लाठी-डंडों से हमला कर खंभे पर मारा सिर
हरियाणा के सोनीपत में महज 1000 से 1500 रुपए के उधार को लेकर हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। आरोप है कि राशन की दुकान चलाने वाले युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। हमले के दौरान व्यक्ति का सिर खंभे पर दे मारा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मामला खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव पाई का है। मृतक के बेटे रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े 8 बजे वह अपने काम से घर लौट रहा था। रास्ते में गांव निवासी प्रवीन की राशन की दुकान पड़ती है। रोहित अक्सर दुकान से उधार में सामान लेता था और उस पर करीब 1000 से 1500 रुपए बकाया थे।
रोहित के अनुसार दुकानदार प्रवीन ने उससे उधार के पैसे मांगे। उसने एक-दो दिन में पैसे देने की बात कही, लेकिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि प्रवीन ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख रोहित वहां से अपने ताऊ राजेश के घर चला गया।
शिकायत के मुताबिक कुछ देर बाद प्रवीन अपने पिता शेर सिंह, नवीन, संगीता और बबीता के साथ लाठी-डंडे लेकर घर पहुंच गया। आरोप है कि सभी लोग जबरन घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। उस समय घर में रोहित की दादी, ताई, बड़ी बहन और पिता राजकुमार मौजूद थे।
परिवार के लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने हमला जारी रखा। रोहित ने बताया कि उसके पिता राजकुमार परिवार को बचाने की कोशिश कर रहे थे, तभी प्रवीन ने उन पर डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद उनकी गर्दन पकड़कर सिर जोर से गली में लगे खंभे पर दे मारा। गंभीर चोट लगने के बाद राजकुमार संतुलन खो बैठे और नाले में गिर गए।
घटना के बाद परिजन तुरंत घायल राजकुमार को खरखौदा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि रोहित की मां का करीब 20 साल पहले निधन हो चुका है और परिवार पहले से ही मुश्किल हालात में जीवन गुजार रहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने ई-साक्ष्य एप के माध्यम से घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी करवाई। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Akhil Mahajan