सोनीपत में महिला की हत्या , ड्रेन में मिली लाश
सोनीपत में खेतों से लापता महिला का शव ड्रेन में मिला। कपड़े अस्त-व्यस्त मिलने से रेप के बाद हत्या की आशंका, पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम जारी।
सोनीपत में खेतों से लापता महिला की ड्रेन में मिली लाश
कपड़े अस्त-व्यस्त, रेप के बाद हत्या की आशंका
FSL जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी गुत्थी
हरियाणा के सोनीपत जिले में एक महिला की संदिग्ध हालात में हत्या का मामला सामने आया है। गांव के खेतों में चारा लेने गई महिला का शव अगली सुबह ड्रेन में उगी झाड़ियों के बीच मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। महिला के कपड़े फटे और अस्त-व्यस्त हालत में मिले हैं, जिसके चलते रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतका की पहचान 60 वर्षीय बिमला के रूप में हुई है। वह रविवार शाम करीब तीन से चार बजे के बीच पशुओं के लिए बरसीम काटने खेतों में गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। जब महिला का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजन उस खेत में पहुंचे, जहां बिमला चारा लेने गई थी। वहां कटी हुई बरसीम और उसकी चुनरी पड़ी मिली, जिससे यह साफ हो गया कि महिला वहीं चारा काट रही थी। हालांकि मौके पर संघर्ष या घसीटने के स्पष्ट निशान नहीं मिले, जिससे मामला और ज्यादा उलझ गया। परिजनों के मुताबिक, खेत चारों तरफ से कंटीले तारों से घिरा हुआ है।
रातभर परिजन और ग्रामीणों ने आसपास के सरसों के खेतों और ड्रेन के किनारे महिला को तलाशा, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। परिवार के लोग पूरी रात बेचैनी में जागते रहे और किसी की आंखों में नींद नहीं आई।
सोमवार सुबह करीब सात बजे एक बार फिर महिला की तलाश शुरू की गई। इस दौरान ड्रेन के ऊपर महिला की कैप और चप्पल पड़ी मिलीं। कपड़े देखकर अनहोनी की आशंका और गहरा गई। आसपास खोजबीन करने पर ड्रेन में झाड़ियों के बीच महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। एफएसएल (FSL) टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों का कहना है कि शव की हालत बेहद संदिग्ध थी। महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया, फिर गला दबाकर हत्या की गई। एक ग्रामीण ने बताया कि बिमला गांव के एक जमींदार के यहां काम करती थी और उन्हीं के पशुओं के लिए चारा लेने गई थी।
इस मामले पर डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। महिला शाम करीब चार बजे खेत में गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
Akhil Mahajan