मंदिर में मौलवी पर थूकने-पेशाब का आरोप, FIR दर्ज

फतेहाबाद के टोहाना में मंदिर में कथित तौर पर थूकने और पेशाब करने के आरोपों पर मौलवी सहित दो लोगों पर FIR दर्ज हुई। शिकायतकर्ता ने धमकियां मिलने की बात कही।

मंदिर में मौलवी पर थूकने-पेशाब का आरोप, FIR दर्ज
  • टोहाना के मंदिर में मौलवी पर थूकने और पेशाब करने का आरोप

  • शिकायतकर्ता बोले—विरोध करने पर धमकियां और मारपीट की गई

  • पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की



फतेहाबाद जिले के टोहाना में धार्मिक स्थल पर की गई कथित हरकत को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सुंदर नगर क्षेत्र में गोरखनाथ जी के मंदिर में एक मौलवी द्वारा थूकने और पेशाब करने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह हरकत जानबूझकर की गई और इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

इस घटना के विरोध में क्षेत्र के लोग और कई सनातनी संगठन शहर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इलाके में कुछ लोग गाली-गलौज और डराने-धमकाने जैसी हरकतें करते हैं, जिससे उनका रहना मुश्किल हो गया है।

शिकायतकर्ता पालाराम ने थाने में अपने वकील अंकित भलोटिया के साथ पहुंचकर पूरी घटना पुलिस को बताई। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस हरकत का विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पालाराम ने मंदिर परिसर में थूकने और पेशाब करने जैसी हरकतों को धार्मिक सौहार्द को बिगाड़ने वाला मामला बताया।

फतेहाबाद के एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि शिकायत के आधार पर उसी क्षेत्र के निवासी बिल्लू प्रधान और एक मौलवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299, 3(5), 351(2) के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आवश्यक सबूत जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की जाएगी।

वकील अंकित भलोटिया ने कहा कि मामला अत्यंत गंभीर है और प्रशासन को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए ताकि किसी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके। शिकायतकर्ता का कहना है कि FIR के बाद उन्हें धमकियां मिलनी शुरू हो गई हैं, इसलिए पुलिस सुरक्षा बढ़ाई जाए।