नई SUV लेने का प्लान? ये खबर आपके लिए है .....छोटी SUV, लेकिन लुक पूरा दमदार!
VinFast VF3, Mahindra Vision S और Renault Bridger जैसी नई बॉक्सी SUV 2026-27 में लॉन्च होंगी। जानें फीचर्स और खासियत।
■ VinFast, Mahindra और Renault ला रही हैं दमदार मॉडल्स
■ प्रीमियम फीचर्स के साथ छोटी SUV सेगमेंट में बढ़ी टक्कर
नई दिल्ली: अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आने वाला समय आपके लिए बेहद खास होने वाला है। ऑटो सेक्टर में अब बॉक्सी डिजाइन और मजबूत रोड प्रेजेंस वाली सब-कॉम्पैक्ट SUV की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। इसी ट्रेंड को देखते हुए कई बड़ी कंपनियां 2026-27 के बीच अपने नए मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में हैं, जो न केवल स्टाइलिश होंगे बल्कि प्रीमियम फीचर्स से भी लैस होंगे।
सबसे पहले बात करें VinFast VF3 की, जिसे एक किफायती इलेक्ट्रिक SUV के तौर पर पेश किया जा सकता है। यह छोटी लेकिन आकर्षक डिजाइन वाली SUV होगी, जिसमें 18.64 kWh बैटरी और 43.5 BHP मोटर मिलने की संभावना है। कंपनी का दावा है कि यह कार एक बार चार्ज करने पर करीब 210 किलोमीटर की रेंज दे सकती है और फास्ट चार्जिंग के जरिए सिर्फ 36 मिनट में 10 से 70% तक चार्ज हो सकती है। शहर के ट्रैफिक के हिसाब से यह एक बेहतरीन विकल्प मानी जा रही है।
वहीं Mahindra Vision S के जरिए महिंद्रा इस सेगमेंट में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में है। इस SUV में 1.5 लीटर डीजल इंजन, पैनारमिक सनरूफ, नया स्टीयरिंग व्हील और प्रीमियम इंटीरियर मिलने की उम्मीद है। इसका डिजाइन काफी एग्रेसिव और बॉक्सी होगा, जो इसे सड़क पर अलग पहचान देगा।
इसके अलावा Renault Bridger भी इस सेगमेंट में नया विकल्प बनकर सामने आएगी। इस कार में स्पेयर व्हील के साथ टेलगेट डिजाइन, ऊंचा बोनट और चौकोर व्हील आर्च जैसे फीचर्स मिल सकते हैं, जो इसे एक असली ऑफ-रोड SUV जैसा लुक देंगे। खास बात यह है कि इसे पेट्रोल और हाइब्रिड वेरिएंट में पेश किया जा सकता है, जिससे बेहतर माइलेज मिलने की संभावना है।
दरअसल, इन छोटी SUV की लोकप्रियता के पीछे कई बड़े कारण हैं। सबसे पहला कारण है शहर में आसान ड्राइविंग और पार्किंग, क्योंकि इनकी लंबाई कम होती है। दूसरा, कम बजट में भी ग्राहकों को बड़ी SUV जैसा ऊंचा और दमदार लुक मिल जाता है। तीसरा, अब इस सेगमेंट में भी सनरूफ, एलईडी लाइट्स, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे प्रीमियम फीचर्स स्टैंडर्ड बनते जा रहे हैं।
ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले समय में यह सेगमेंट और भी प्रतिस्पर्धी होने वाला है, जहां ग्राहक को कम कीमत में ज्यादा फीचर्स और बेहतर डिजाइन मिलेंगे। ऐसे में अगर आप SUV खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो थोड़ा इंतजार करना आपके लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है।
Akhil Mahajan