वंदे भारत से टकराई बाइक, सवार ने कूदी मार बचाई जान, रेल के आगे हिस्से में फंसी बाइक, आधे घंटे रुकी वंदे भारत ट्रेन
सोनीपत के अगवानपुर में वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आई बाइक, 500 मीटर तक घसीटी गई। सवार ने कूदकर जान बचाई। ट्रेन आधे घंटे तक रुकी रही, जीआरपी ने केस दर्ज किया।
➤ सोनीपत में बड़ा हादसा टला वंदे भारत ट्रेन आधे घंटे रुकी
➤ बाइक सवार की लापरवाही, बंद फाटक पार करते समय टकराया ट्रेन से
➤ 500 मीटर तक घसीटी गई बाइक, सवार समय रहते कूदकर बचा
सुशील मोर
सोनीपत में बाइक सवार की गलती ने वंदे भारत ट्रेन के पहिए रोक दिया। शार्टकट से ट्रैक पार करने की कोशिश में बाइक ट्रेन की चपेट में आ गई। हैरत इस बात की है कि बाइक सवार खुद कूदकर जान बचाने में कामयाब रहा। लेकिन बाइक ट्रेन के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 500 मीटर तक घसीटती चली गई। ट्रेन की रफ्तार और आवाज ने लोगों का दिल दहला दिया, लेकिन चौंकाने वाली राहत की बात यह रही कि बाइक सवार ठीक उसी समय बाइक से कूद गया और उसकी जान बच गई।
ट्रेन हादसे के तुरंत बाद गनौर रेलवे स्टेशन पर रोक दी गई। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन करीब आधे घंटे तक खड़ी रही। रेलवे कर्मचारियों ने मशक्कत करके ट्रेन में फंसी बाइक को बाहर निकाला, जिसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
जीआरपी पुलिस मौके पर पहुँची और बाइक की नंबर प्लेट के आधार पर सवार की पहचान की गई। लापरवाह हरकत के चलते उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि यह घटना लापरवाही की बड़ी मिसाल है। फाटक बंद होने पर उसे पार करना न केवल अपनी बल्कि सैकड़ों यात्रियों की जान को खतरे में डालना है। लोगों से अपील की गई है कि ऐसे खतरनाक कदमों से बचें।
Akhil Mahajan