हरियाणा में आज से बदलेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री से 2 फरवरी तक बारिश के आसार
हरियाणा में आज से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 2 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश, बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
हरियाणा में आज से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
2 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में बढ़ोतरी
हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। आज से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से 2 फरवरी तक बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है, जो शनिवार रात तक देश के उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय हो जाएगा। हालांकि यह विक्षोभ पहले वाले की तुलना में अधिक मजबूत नहीं बताया जा रहा, लेकिन इसके असर से प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलेगा।
सबसे अहम बात यह है कि इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान और दक्षिणी हरियाणा के हिस्सों में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसके चलते 31 जनवरी की रात से लेकर 1 और 2 फरवरी के दौरान हरियाणा के दक्षिणी, पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में बूंदाबांदी होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि इससे पहले सक्रिय रहा पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी व ओलावृष्टि कर अब उत्तर-पूर्वी राज्यों की ओर आगे बढ़ चुका है। उसके बाद अब यह नया पश्चिमी विक्षोभ असर दिखाने जा रहा है। शुक्रवार को ही इसके संकेत मिलने लगे थे, जब प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही घने बादल छाए रहे।
बादलों और हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में रात्रि तापमान 5.1 डिग्री से 11.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि दिन का तापमान भी सामान्य से अधिक बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक बादल छाए रहने से ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ सकती है।
Akhil Mahajan