NTA के 47 अधिकारी बर्खास्त, पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन; सभी पर होगी कानूनी कार्रवाई
NEET पेपर लीक मामले में NTA ने 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। सभी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई होगी। PM मोदी के वीडियो संदेश के 20 घंटे के भीतर यह बड़ा फैसला लिया गया।
➤ NEET पेपर लीक मामले में NTA के 47 अधिकारियों को किया गया बर्खास्त
➤ सभी अधिकारियों के खिलाफ दर्ज होंगे आपराधिक मामले, कानूनी कार्रवाई होगी
➤ PM मोदी के वीडियो संदेश के 20 घंटे के भीतर बड़ा प्रशासनिक एक्शन
नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, इन अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक (क्रिमिनल) मामले भी दर्ज किए जाएंगे। इसे NTA में व्यापक सुधार और जवाबदेही तय करने की दिशा में सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई NTA में बड़े स्तर पर किए जा रहे सुधारों का हिस्सा है। एजेंसी की कार्यप्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए आने वाले दिनों में भी कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। इससे एक दिन पहले ही केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय के दो सचिवों को भी बदल दिया था।
PM मोदी के संदेश के 20 घंटे बाद कार्रवाई
यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छात्रों के नाम जारी वीडियो संदेश के करीब 20 घंटे बाद हुई है। प्रधानमंत्री ने गुरुवार रात करीब 12 बजे जारी 2 मिनट 56 सेकंड के वीडियो संदेश में कहा था कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है, बल्कि यह लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा था कि सरकार ने पिछले ढाई महीनों में पेपर लीक रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं। दोषियों की गिरफ्तारी हुई है और वे जेल में हैं। साथ ही सरकार ने छात्रों का शैक्षणिक वर्ष बचाने के लिए कम समय में 22 लाख छात्रों की परीक्षा भी सफलतापूर्वक कराई। फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के दिए निर्देश
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा था कि सरकार केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने पेपर लीक से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके।
CBI कर रही जांच, अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार
NEET UG पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है। जांच एजेंसी ने महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली समेत कई राज्यों में कार्रवाई की है। अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जल्द ही इस मामले में चार्जशीट दाखिल किए जाने की संभावना है।
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पिछले एक महीने से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रही है। वहीं सोनम वांगचुक ने इस मुद्दे को लेकर 26 दिनों तक अनशन किया था। संसद में भी विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है।
Akhil Mahajan