लव मैरिज नहीं कराने पर कर डाली मां की हत्या: इंग्लैंड से यमुनानगर आया बेटा, हौद में फेंकी लाश
यमुनानगर में लव मैरिज के विरोध में बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। इंग्लैंड से लौटकर डंडे से हमला और गला दबाकर शव हौद में फेंका। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया।
• लव मैरिज के विरोध में बेटे ने मां की हत्या, इंग्लैंड से आकर रची साजिश
• डंडे से हमला कर गला दबाया, शव को पानी के हौद में फेंका
• बेटा और उसका साथी गिरफ्तार, कोर्ट से 4 दिन का पुलिस रिमांड
हरियाणा के यमुनानगर जिले के श्यामपुर गांव में सरपंच की पत्नी की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने बेटे ने ही की थी। वजह बनी लव मैरिज का विरोध।
शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में DSP आशीष चौधरी ने बताया कि आरोपी बेटा गोमित राठी करीब दो साल बाद इंग्लैंड से भारत लौटा था। उसने परिवार को बिना बताए यह कदम उठाया और पूरी योजना के तहत मां की हत्या को अंजाम दिया।
24 दिसंबर को जब बलजिंद्र कौर पशुओं को चारा डालने के लिए घर के अंदर बने पशु घर में पहुंचीं, तभी छिपकर बैठे बेटे ने उन पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को घर में बने पानी के हौद में फेंक दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात में आरोपी का एक साथी पंकज भी शामिल था, जिसने पूरी साजिश में उसका साथ दिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि गोमित का पास के गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी मां और परिवार इसके खिलाफ थे। इसी रंजिश में उसने अपनी मां की निर्मम हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि शव मिलने के बाद मामले में पहले संदिग्ध हालात थे, लेकिन परिजनों की शिकायत और सबूतों के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई। रिमांड के दौरान हत्या में इस्तेमाल सामान और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan