यमुनानगर में परिजनों का पोस्टमॉर्टम रूम पर हंगामा:राजीव हत्याकांड, पुलिस ने गर्लफ्रेंड और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया
यमुनानगर में 21 वर्षीय राजीव की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने गर्लफ्रेंड और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम रूम के बाहर परिजनों ने इंसाफ की मांग को लेकर हंगामा किया।
■ 21 वर्षीय राजीव की हत्या के बाद शव रेलवे ट्रैक के पास फेंका
■ गर्लफ्रेंड और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
■ पोस्टमार्टम रूम के बाहर परिजनों का हंगामा, इंसाफ की मांग
यमुनानगर में 21 वर्षीय युवक राजीव की निर्मम हत्या के बाद उसका शव रेलवे ट्रैक के पास जंगल में फेंकने के मामले ने सनसनी फैला दी है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की गर्लफ्रेंड और उसके कथित प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर परिजनों ने जोरदार हंगामा कर इंसाफ की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
मृतक के बड़े भाई हर्ष के अनुसार, राजीव करीब दो साल पहले स्नेहा नाम की युवती के संपर्क में आया था। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और फिर बातचीत का सिलसिला बढ़ता गया। करीब एक साल पहले राजीव ने युवती के नाम का टैटू अपनी छाती पर गुदवाया था। परिवार को इस रिश्ते की जानकारी थी। हर्ष का आरोप है कि स्नेहा का अमित नामक युवक से भी लंबे समय से संबंध था।
बताया जा रहा है कि रविवार को राजीव का 21वां जन्मदिन था। शुक्रवार दोपहर वह घर से यह कहकर निकला कि वह हरिद्वार जा रहा है और स्नेहा के साथ वहीं जन्मदिन मनाने की योजना थी। इसके बाद उसका फोन लगातार स्विच ऑफ आने लगा। परिवार ने तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार सुबह सूचना मिली कि बाड़ी माजरा तीर्थ नगर क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास एक युवक का शव पड़ा है, जिसकी पहचान राजीव के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति बेहद भयावह थी। युवक के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और ऊपर से गोंद जैसा पदार्थ लगाकर होंठ चिपका दिए गए थे। गले पर गहरे निशान मिले हैं, जिससे गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मौके से एक दुपट्टा और कुछ दूरी पर एक जूता बरामद हुआ है।
राजीव पिछले आठ वर्षों से डीजे की दुकान पर काम करता था और परिवार का सहारा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। तीन भाइयों और एक बहन में वह दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। मां ज्योति ने आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाने की मांग की है।
पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर परिजनों ने हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना प्रभारी प्रमोद वालिया मौके पर पहुंचे और परिजनों को भरोसा दिलाया कि आरोपी हिरासत में हैं और 99 प्रतिशत केस सुलझ चुका है। उधर सदर थाना प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच तेज कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
shubham