स्कूल बस ने कुचले बाइकसवार, शादी के 13 दिन बाद दूल्हन और ननद की मौत, पति गंभीर
यमुनानगर में स्कूल बस की टक्कर से नई नवेली दुल्हन और उसकी ननद की मौत हो गई। हादसे में पति गंभीर घायल है। परिवार ने ड्राइवर पर नशे में होने का आरोप लगाया।
➤ शादी के 13 दिन बाद ही उजड़ गया खुशियों का घर
➤ स्कूल बस की टक्कर में ननद-भाभी की दर्दनाक मौत
➤ मंदिर जाते समय हादसा, पति गंभीर घायल
यमुनानगर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। मंदिर में पूजा करने जा रहे बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी रिश्तेदार को एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने कुचल दिया। हादसे में नई नवेली दुल्हन और उसकी ननद की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा छछरौली-पांवटा साहिब रोड पर मानकपुर इंडस्ट्री के पास हुआ। मृतकों की पहचान गंगानगर कॉलोनी निवासी खुशबू (25) और उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी पूजा (18) के रूप में हुई है। घायल शिवकुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार खुशबू की शादी महज 13 दिन पहले, 29 अप्रैल को शिवकुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था। पूजा, शिवकुमार की मौसी की बेटी थी और शादी में शामिल होने के लिए यमुनानगर आई हुई थी। शादी के बाद से वह परिवार के साथ ही रह रही थी।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे शिवकुमार अपनी पत्नी खुशबू और पूजा को बाइक पर लेकर पंचमुखी हनुमान मंदिर जा रहा था। तीनों मंदिर में माथा टेकने के लिए निकले थे। जब वे मानकपुर इंडस्ट्री के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कूल बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर घिसट गई और तीनों सवार नीचे गिर पड़े। हादसे में खुशबू और पूजा बस की चपेट में आ गईं। खुशबू के सिर के ऊपर से बस का पहिया निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूजा ने भी गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और घायल शिवकुमार को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि जिस स्कूल बस से यह हादसा हुआ, उसमें करीब 15 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद बच्चे भी डर गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
परिवार ने आरोप लगाया है कि बस चालक नशे की हालत में था। घायल शिवकुमार के पिता रामदिया ने कहा कि अगर बस पलट जाती तो कई बच्चों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और चालक से पूछताछ जारी है।
Akhil Mahajan