यमुनानगर शुगर मिल में गार्डों पर हमला, 3 घायल
यमुनानगर की सरस्वती शुगर मिल में नशा करने से रोकने पर युवकों ने सिक्योरिटी गार्डों पर हमला कर दिया। तीन गार्ड घायल हुए, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
■ शुगर मिल में सिक्योरिटी गार्डों पर हमला
■ नशा करने से रोकने पर रॉड-डंडों से पीटा
■ तीन गार्ड घायल, आरोपी धमकी देकर फरार
यमुनानगर की सरस्वती शुगर मिल में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों पर देर रात हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। मिल के मार्शल यार्ड में नशा करने के लिए घुसे युवकों को रोकना गार्डों को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवकों ने पहले बहस की और फिर घात लगाकर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें तीन सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गए।
घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सहायक सुरक्षा अधिकारी मुरारी लाल के अनुसार, वह टाइम ऑफिस गेट पर ड्यूटी पर तैनात थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि कुछ युवक मार्शल यार्ड में घुसकर नशा कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे गार्डों ने जब युवकों को बाहर जाने को कहा, तो उन्होंने साफ मना कर दिया और बदतमीजी करते हुए धमकी दी कि “जो करना है कर लो।”
इसके बाद युवक दीवार फांदकर वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद वे घात लगाकर वापस आए और गार्डों पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, आरोपी अली अख्तर और खुजल सहित अन्य युवक लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों से लैस थे।
मुरारी लाल जब चेकिंग के लिए बाहर निकले, तो आरोपियों ने रास्ता रोक लिया और अचानक हमला कर दिया। उन्होंने बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने सिर, बाजू और कमर पर वार किए। शोर सुनकर अन्य गार्ड मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।
हमले में मुरारी लाल को 6 चोटें आई हैं, जबकि राजेश कुमार को 3 और बीरबल शर्मा को 2 चोटें लगी हैं। सभी घायलों को सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने गार्डों को जान से मारने की धमकी भी दी और चेतावनी दी कि अगर भविष्य में उन्हें नशा करने से रोका गया तो अंजाम और बुरा होगा।
घटना की सूचना मिलते ही यमुनानगर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अली अख्तर निवासी गुलाब नगर कॉलोनी, खुजल और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
shubham