2 साल से गैंगस्टर धमका रहे: अभय चौटाला हाईकोर्ट पहुंचे, Z+ सिक्योरिटी की मांग

अभय चौटाला ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर Z+ सुरक्षा मांगी। बोले दो साल से अंतरराष्ट्रीय गैंग धमका रहे हैं, Y+ सुरक्षा नाकाफी है। जांच केंद्र एजेंसी से कराने की मांग।


• अभय चौटाला ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की
• बोले- 2 साल से गैंगस्टर धमका रहे, इस बार कहा- “आखिरी चेतावनी”
• Y+ सुरक्षा में हैं, Z+ या Z कैटेगरी देने की मांग


इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला ने अपनी सुरक्षा को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने याचिका में कहा कि 15 जून 2023 से 15 जुलाई 2025 तक उन्हें कई बार धमकियां मिलीं। ये फोन कॉल विदेशी नंबरों और अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों के द्वारा की गईं। धमकी देने वालों ने इसे “आखिरी चेतावनी” बताते हुए उनके परिवार पर हमला करने की बात कही।

अभय ने आरोप लगाया कि उन्होंने बार-बार शिकायतें दीं, लेकिन राज्य सरकार पर्याप्त सुरक्षा देने में नाकाम रही। फिलहाल उन्हें Y+ सुरक्षा मिली हुई है। उन्होंने हाईकोर्ट से 24 घंटे केंद्रीय एजेंसी द्वारा Z+ या Z श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि अब ये मुद्दा सिर्फ व्यक्तिगत सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है। चौटाला ने अपनी याचिका में नफ़े सिंह राठी हत्याकांड का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में अंतरराष्ट्रीय गिरोह और राजनीतिक विरोधियों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने दलील दी कि खतरे का स्तर लगातार बढ़ रहा है और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था इस स्थिति को संभालने में सक्षम नहीं है। इसलिए जांच और सुरक्षा दोनों की निगरानी केंद्रीय एजेंसी द्वारा होनी चाहिए।

अभय की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था
फिलहाल Y+ सिक्योरिटी में 11 सुरक्षा कर्मी, 1–2 कमांडो और 2 पीएसओ तैनात होते हैं। वहीं Z+ सुरक्षा देश की सबसे उच्च श्रेणी है, जिसमें 55 या उससे अधिक NSG कमांडो होते हैं। चौटाला का कहना है कि जितनी गंभीर धमकियां उन्हें मिल रही हैं, उसके अनुसार Z+ सुरक्षा अनिवार्य हो चुकी है।