किसानों के लाइसेंस रिन्यू पर INLD का घेराव, लोकभवन पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
हरियाणा में किसानों के लाइसेंस रिन्यू नहीं होने के मुद्दे पर इनेलो लोकभवन पहुंची। अभय चौटाला ने मुख्यमंत्री पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और MSP से बचने के लिए लाइसेंस रिन्यू रोकने की बात कही।
■ किसानों के लाइसेंस रिन्यू मुद्दे पर INLD लोकभवन पहुंची ■ अभय चौटाला बोले- CM सैनी ने किया वादा पूरा नहीं ■ MSP से बचने के लिए सरकार लाइसेंस रिन्यू नहीं कर रही
हरियाणा में किसानों के लाइसेंस रिन्यू नहीं होने के मुद्दे पर इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) ने बड़ा कदम उठाते हुए लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल असीम घोष से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं को उठाया। इस दौरान पार्टी के विधायक आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला भी मौजूद रहे। अभय चौटाला ने सरकार पर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 12 मार्च को किसानों के लाइसेंस रिन्यू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई, जो किसानों के साथ वादाखिलाफी है।
अभय चौटाला ने कहा कि सरकार की नीयत ठीक नहीं है और सरकार किसानों को MSP देने से बचने के लिए लाइसेंस रिन्यू नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि राज्यपाल से मुलाकात के बाद इनेलो किसानों के हित में बड़ा ऐलान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा की मंडियों में फसल रखने की क्षमता कम है, जिस कारण ज्यादा फसल आने पर अनाज सड़कों पर पड़ा रहता है और उठान में देरी होती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
इनेलो नेता ने घोषणा की कि पार्टी द्वारा प्रदेश के जिलों में किसान कष्ट निवारण केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से पार्टी पदाधिकारी किसानों की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाएंगे और समाधान करवाने का प्रयास करेंगे। लोकभवन पहुंचने वाले प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल रहे।