हरियाणा में रॉन्ग साइड आए ट्रक ने 3 वाहनों को मारी टक्कर, 4 की मौत

करनाल NH-44 पर रॉन्ग साइड आए ट्रक ने बस-कार-बाइक को टक्कर मारी। हादसे में करीब 4 लोगों की मौत, कई घायल। ट्रक डिवाइडर पर पलटा, पुलिस जांच में जुटी।

हरियाणा में रॉन्ग साइड आए ट्रक ने 3 वाहनों को मारी टक्कर, 4 की मौत

• करनाल NH-44 पर रॉन्ग साइड आए ट्रक ने 3 वाहनों को मारी टक्कर, 4 की मौत
• रोडवेज बस, कार और बाइक को कुचलते हुए ट्रक डिवाइडर पर पलटा
• प्रत्यक्षदर्शियों का दावा—ड्राइवर नींद में या नशे में था, कई घायल अस्पताल में



हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा में नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आए एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने पहले पंजाब रोडवेज की बस को टक्कर मारी और फिर कार-बाइक को कुचलता हुआ डिवाइडर पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में करीब 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी हाउस भेज दिया गया है। वहीं घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा टोल प्लाजा से करीब 1 किलोमीटर पहले हुआ। करनाल की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक डिवाइडर पार करते हुए पानीपत की ओर जा रही लेन में घुस गया और सीधे सड़क पर दौड़ रही पंजाब रोडवेज की बस में टकरा गया। बस के कंडक्टर साइड पर जोरदार टक्कर हुई, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई और कुछ यात्रियों को चोटें आईं।

ट्रक बस को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और पहले एक बाइक को कुचल दिया, जिस पर सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ट्रक ने एक कार को भी चपेट में लिया, जो पूरी तरह पिचक गई। कार के अंदर फंसे लोगों को पुलिस और राहगीरों ने कटिंग मशीन से बाहर निकाला।

ट्रक डिवाइडर पर जाकर पलटा, जिससे उसका चालक भी घायल हो गया। उसे शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया।

एक बस यात्री हरजीत सिंह ने बताया कि वह अमृतसर जा रहा था और बस की पिछली सीट पर बैठा था। अचानक तेज झटका लगा और बस रुक गई। उसने बाहर देखा तो ट्रक बस में घुसा हुआ था। हरजीत के अनुसार कार में 2 से 4 लोग सवार थे और बाइक पर भी लोग थे, जिनकी मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अभी संख्या 4 है या 6, यह स्पष्ट नहीं।

हादसे के बाद NH-44 पर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने में काफी समय लगा। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है और ट्रक ड्राइवर के नशे में होने की आशंका की जांच की जा रही है।