सोनीपत, पंचकूला, और अंबाला में मेयर आरक्षण पर ड्रॉ रद्द

पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगमों में मेयर पद आरक्षण को लेकर आज होने वाला ड्रॉ अधिकारियों के ट्रांसफर के कारण रद्द कर दिया गया। नई तारीख जल्द जारी होगी।

सोनीपत, पंचकूला, और अंबाला में मेयर आरक्षण पर ड्रॉ रद्द

  • मेयर आरक्षण पर ड्रॉ कैंसिल, अब नई तारीख जारी होगी

  • अधिकारियों के ट्रांसफर की वजह से निर्णय टला

  • पंचकूला, सोनीपत, अंबाला में मेयर चुनाव को लेकर अनिश्चितता


पंचकूला में सोमवार को नगर निगम मेयर पद आरक्षण को लेकर प्रस्तावित ड्रॉ ऑफ लॉट अचानक रद्द कर दिया गया। इससे पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगमों में मेयर पद के लिए आरक्षित वर्ग तय होने का इंतजार और बढ़ गया है। विभाग की ओर से दी जानकारी के अनुसार, विभाग महानिदेशक के ट्रांसफर के बाद यह बैठक कैंसिल कर दी गई।

तीनों नगर निगमों का कार्यकाल जनवरी 2026 में समाप्त हो रहा है और मेयर का सीधा चुनाव आम जनता द्वारा किया जाएगा। इसके लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग में सोमवार को मीटिंग रखी गई थी, जिसमें यह तय होना था कि मेयर पद महिला, एससी या बीसी श्रेणी में आरक्षित रहेगा या जनरल उम्मीदवार चुनाव लड़ सकेंगे। लेकिन रविवार देर शाम बैठक को रद्द करने का आदेश जारी कर दिया गया।

अंबाला में फिलहाल मेयर पद महिला के लिए सुरक्षित है, जबकि पंचकूला और सोनीपत अनारक्षित श्रेणी में हैं। अब आगामी चुनाव से पहले आरक्षण प्रक्रिया दोबारा तय की जाएगी।

ड्रॉ प्रक्रिया पंचकूला स्थित मुख्यालय में वीडियोग्राफी के साथ आयोजित होनी थी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। इसमें नगर निगम आयुक्त व संबंधित जिलों के डीसी प्रतिनिधि के रूप में शामिल होने वाले थे। हालांकि, अगली तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

मेयर पदों के साथ-साथ उकलाना, सांपला, धारूहेड़ा नगरपालिका और रेवाड़ी नगर परिषद के चेयरमैन/प्रधान पदों की आरक्षण प्रक्रिया पर भी निर्णय होना था, लेकिन वह भी अब टल गया है।