डी-पार्क आगजनी स्थल पहुंचे कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, पीड़ितों को दिया भरोसा
रोहतक की डी-पार्क मार्केट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात कर सहायता और मुआवजे का भरोसा दिलाया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने डी-पार्क मार्केट आगजनी स्थल का किया दौरा
मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा दोहराई
नुकसान के आकलन के बाद प्रभावित व्यापारियों को उचित मुआवजा देने का भरोसा
रोहतक। डी-पार्क मार्केट में 9 जून को हुए भीषण आगजनी हादसे के बाद हरियाणा सरकार में सहकारिता एवं जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने रविवार को घटना स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह बेहद दुखद और दर्दनाक घटना थी, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कई दुकानों और व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों और प्रभावित व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि आग इतनी भयानक थी कि उसे नियंत्रित करने के लिए आसपास के कई जिलों से अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को बुलाना पड़ा। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा पहले ही कर चुकी है। इसके साथ ही आगजनी की घटना और हुए नुकसान के आकलन के लिए निगम और प्रशासन स्तर पर दो अलग-अलग जांच समितियों का गठन किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नुकसान का सही आकलन किया जाएगा और प्रभावित लोगों को सरकार की ओर से उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए अपनी दुकानों और सामान का बीमा करवाने की अपील भी की।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार प्रभावित परिवारों और व्यापारियों को हरसंभव राहत और सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
pooja