कांग्रेस विधायक के ऑफिस पर फायरिंग करने वाला आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार

रोहतक के महम में कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग करने वाले आरोपी अमन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है।

कांग्रेस विधायक के ऑफिस पर फायरिंग करने वाला आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार

कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के ऑफिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी का पुलिस एनकाउंटर

मुठभेड़ में आरोपी अमन के पैर में लगी गोली, पीजीआई में भर्ती

आरोपी गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया का गुर्गा बताया जा रहा

रोहतक जिले के महम में कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर उपचार के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार विधायक कार्यालय पर शुक्रवार रात हुई फायरिंग के बाद मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई थीं। आरोपियों की तलाश में सीआईए समेत कुल 8 टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

जानकारी के मुताबिक सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध आरोपी लाखनमाजरा से खरकड़ा रोड की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख आरोपी ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान हालात बिगड़ने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में आरोपी अमन के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

इसके बाद पुलिस टीम ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और प्राथमिक कार्रवाई के बाद इलाज के लिए पीजीआई ट्रॉमा सेंटर भेज दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अमन, कुख्यात गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया का गुर्गा है। सुमित उर्फ छोटा पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह फरवरी 2026 में हरिद्वार के रास्ते विदेश फरार हो गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुमित उर्फ छोटा पहले भी शराब के ठेकों पर फायरिंग के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विधायक कार्यालय पर फायरिंग के पीछे किसका निर्देश था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

सीआईए इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विधायक कार्यालय पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल था। उससे पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात महम थाने के सामने स्थित कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हमलावर घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।