9 मिनट में ढाई करोड़ की जेवर ले उड़े चाेर

बहादुरगढ़ के कोमल ज्वेलर्स में देर रात पांच बदमाशों ने 9 मिनट में ढाई करोड़ रुपये के जेवरात चोरी किए। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई, पुलिस और CIA टीम चोरों की धरपकड़ में जुटी।

9 मिनट में ढाई करोड़ की जेवर ले उड़े चाेर

➤ बहादुरगढ़ के कोमल ज्वेलर्स में रात चोरी, 9 मिनट में ढाई करोड़ के जेवरात उड़े
➤ दिल्ली नंबर की वैगनआर कार में आए पांच बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
➤ पुलिस और CIA टीम चोरों की धरपकड़ में जुटी



हरियाणा के बहादुरगढ़ में मुख्य बाजार स्थित कोमल ज्वेलर्स में देर रात एक सनसनीखेज चोरी हुई। दिल्ली नंबर की सिल्वर वैगनआर कार में आए पांच बदमाशों ने महज 9 मिनट में दुकान से ढाई करोड़ रुपये कीमत के जेवरात उड़ा लिए। यह वारदात शहर थाना से सिर्फ 500 मीटर की दूरी पर हुई, और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जघन्य वारदात का पता चलने पर दुकान के मालिक अशोक कुमार के भाई भगत सिंह सुबह करीब 7 बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान का शटर उखड़ा हुआ है और 30 किलो चांदी, 2 किलो सोना और लगभग चार लाख रुपये नकदी चोर ले गए हैं। कुल कीमत ढाई करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके बाद भगत सिंह ने तुरंत शहर थाना पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि पांचों बदमाश लोहे की मोटी रॉड और कटर से तीन मिनट में शटर उखाड़ते हैं। दो युवक दुकान में घुसते हैं और चार मिनट में जेवरात से भरे कई डिब्बे कार में रखकर घटनास्थल से चले जाते हैं। फुटेज में एक आरोपी सिर पर टोपी और मुंह पर गमछा लपेटे दिखाई दे रहा है।

आश्चर्यजनक बात यह रही कि वारदात के समय मौके से गुजर रहे वाहन सवारों को चोरी का कोई अंदेशा नहीं हुआ। चोरों ने सावधानी से कार साइड की और फिर शटर तोड़ने में जुट गए।

सूचना मिलते ही एसएचओ दिनकर यादव, एसीपी प्रदीप खत्री और CIA टीम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एफआईआर दर्ज कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस और CIA टीम लगातार कार्रवाई में लगी है।