हिमाचल:राम मंदिर चंदा मामले पर भाजपा को घेरा, निष्पक्ष जांच की मांग, प्रदेश भाजपा बंटी हुई और मुद्दाविहीन
राम मंदिर चंदा मामले पर नरेश चौहान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सिटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष जांच की मांग की और विपक्ष को मुद्दाविहीन बताया।
राम मंदिर चंदा मामले की सिटिंग जज की निगरानी में जांच की मांग
नरेश चौहान ने भाजपा पर आस्था के नाम पर राजनीति करने का लगाया आरोप
भाजपा को बताया गुटबाजी से घिरी और प्रदेश के मुद्दों से भटकी हुई पार्टी
शिमला। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने राम मंदिर चंदा मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर सामने आए कथित चंदा घोटाले से देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रभु राम के चरणों में श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा के साथ चढ़ाई गई धनराशि की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिन लोगों पर थी, उन्हीं पर चोरी के आरोप लगना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 40 दिनों में 70 बार चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जो व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाती हैं।
नरेश चौहान ने कहा कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा संवेदनशील विषय है। इसलिए इसकी जांच केवल एसआईटी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि किसी सिटिंग जज की निगरानी में कराई जानी चाहिए ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर से चंदा एकत्र किया गया और भाजपा ने इसी मुद्दे पर राजनीति कर सत्ता हासिल की। अब जब चंदे को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो पार्टी जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता के साथ किसी भी तरह का विश्वासघात स्वीकार नहीं किया जा सकता और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
नरेश चौहान ने कहा कि देश में भगवान राम को मानने के लिए किसी व्यक्ति को भाजपा से प्रमाण पत्र लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भाजपा को सद्बुद्धि देने की कामना के साथ राम मंदिर और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि अब राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भी कह रहे हैं कि उनका मुंह न खुलवाया जाए।
भाजपा की प्रस्तावित चार्जशीट को लेकर पूछे गए सवाल पर नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा को चार्जशीट लाने से किसी ने नहीं रोका है। उन्होंने कहा कि बेहतर होता यदि भाजपा प्रदेश के विकास, जनता की समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करती।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल विरोध की राजनीति कर रही है और उसकी चार्जशीट की रणनीति पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विपक्ष बंटा हुआ है और जनता से जुड़े मुद्दों पर उसके पास कोई ठोस एजेंडा नहीं बचा है।
बाइट: नरेश चौहान, प्रधान मीडिया सलाहकार, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश।
pooja