हरियाणा कांग्रेस विधायक से ₹5 करोड़ की रंगदारी: व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी, सुरक्षा में 7 कमांडो तैनात
रोहतक के महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी को व्हाट्सएप पर ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने जांच शुरू कर सुरक्षा बढ़ा दी है।
➤ कांग्रेस विधायक बलराम दांगी से ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई
➤ विदेशी नंबर से धमकी, लिखा- अबकी बार गोली सीधे लगेगी
➤ फायरिंग के बाद सुरक्षा बढ़ी, विधायक और परिवार को मिले 7 कमांडो
हरियाणा के रोहतक जिले के महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी को 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी मिली है। विधायक के व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें एक सप्ताह के भीतर रकम का इंतजाम करने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो अगली बार गोली सीधे उन पर चलाई जाएगी।
धमकी भरे संदेश के अंत में सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया का नाम लिखा गया है। मैसेज में लिखा गया कि, "5 करोड़ तैयार कर ले। एक हफ्ता है तेरे पास। अभी तो सिर्फ शीशों पर गोली चली है, अबकी बार तेरे ऊपर सीधे चलेगी।" धमकी मिलने के बाद विधायक ने तुरंत पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया एक कुख्यात गैंगस्टर है और रोहतक के गांव सैमाण का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वह फिलहाल विदेश में रहकर भी अपने नेटवर्क के जरिए वारदातों को अंजाम दिला रहा है। धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विधायक और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है।
विधायक बलराम दांगी ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत DGP अजय सिंघल, ADGP CID सौरभ सिंह, IG सिमरदीप सिंह और रोहतक SP गौरव राजपुरोहित को भेज दी है। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।
SP गौरव राजपुरोहित ने बताया कि धमकी भरे व्हाट्सएप मैसेज की शिकायत मिल चुकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पहले विधायक के कार्यालय पर हुई फायरिंग के मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि धमकी देने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि 20 जून को बलराम दांगी के कार्यालय पर बाइक सवार दो बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की थी। घटना के अगले दिन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अमन निवासी लाखनमाजरा को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरा आरोपी अभी भी फरार है।
पुलिस के मुताबिक फायरिंग के बाद आरोपियों ने कार्यालय के बाहर एक धमकी भरी पर्ची भी फेंकी थी। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया था कि वे पर्ची में रंगदारी की रकम लिखना भूल गए थे। उस समय केवल जान से मारने की धमकी लिखी गई थी। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया गैंग से जुड़े हुए हैं।
धमकी और फायरिंग की घटनाओं के बाद विधायक तथा उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पहले विधायक की सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन अब तीन अतिरिक्त कमांडो लगाए गए हैं। वहीं परिवार को भी पहली बार दो सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए गए हैं। इस तरह विधायक और उनके परिवार की सुरक्षा में कुल सात कमांडो तैनात किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 29 वर्षीय गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया जुलाई 2025 में भारत छोड़कर थाईलैंड चला गया था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग समेत करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह विदेश में बैठकर भी अपने साथियों के जरिए आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहा है।
महम थाना प्रभारी नीरज ने बताया कि धमकी जिस नंबर से भेजी गई, उसका कंट्री कोड अमेरिका के कैलिफोर्निया का है। पुलिस साइबर और तकनीकी माध्यमों से पूरे मामले की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan