CBSE 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी, दो बार होंगे दसवीं के एग्जाम

CBSE ने 10वीं-12वीं की फाइनल डेटशीट जारी कर दी है। परीक्षाएं 17 फरवरी, 2026 से शुरू होंगी और कई विषयों की तिथियों में बदलाव किए गए हैं। बोर्ड ने डेटशीट इस बार 110 दिन पहले जारी की है ताकि छात्रों को तैयारी का पूरा समय मिले।

CBSE 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी, दो बार होंगे दसवीं के एग्जाम

CBSE ने जारी की 10वीं-12वीं की फाइनल डेटशीट, कई विषयों की परीक्षा तिथियों में बदलाव
17 फरवरी 2026 से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं, इस बार डेटशीट 110 दिन पहले जारी
कुछ विषयों की परीक्षा अवधि 12:30 बजे तक सीमित, छात्रों से कहा गया टाइमटेबल अपडेट करें



केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की फाइनल डेटशीट 2026 जारी कर दी है। इस बार बोर्ड ने इतिहास में पहली बार डेटशीट 110 दिन पहले जारी करते हुए छात्रों को पर्याप्त तैयारी का अवसर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 17 फरवरी, 2026 से आरंभ होंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 10 मार्च तक चलेगी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षा 09 अप्रैल, 2026 को समाप्त होगी।

इस बार की फाइनल डेटशीट में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पुराने शेड्यूल के मुकाबले कुछ विषयों की परीक्षा तिथियाँ आगे-पीछे कर दी गई हैं। जैसे कि कक्षा 10वीं में गृह विज्ञान (Home Science) की परीक्षा जो पहले 26 फरवरी को प्रस्तावित थी, अब 18 फरवरी को आयोजित की जाएगी। वहीं, कक्षा 12वीं के शेड्यूल में भी कई विषयों की तारीखें बदली गई हैं, जिनमें बिजनेस स्टडीज, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, ओटोमोटिव, फैशन स्टडीज, बायोटेक्नोलॉजी, आन्त्रप्रन्योरशिप जैसे विषय शामिल हैं।

बोर्ड के अनुसार, परीक्षाएं एक ही शिफ्ट में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएँगी। हालांकि, कुछ विशिष्ट विषयों के लिए समय 10:30 से 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। सीबीएसई ने यह भी कहा है कि छात्र अपने टाइमटेबल को नई डेटशीट के अनुसार अपडेट कर लें, क्योंकि बदलावों के कारण पूर्व निर्धारित योजना प्रभावित हो सकती है।

बोर्ड ने इस बार यह कदम इसलिए भी उठाया है ताकि JEE Main 2026 जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं से तारीखों का टकराव न हो। इसी के तहत सीबीएसई ने जेईई अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र में अपनी कक्षा 11वीं की जानकारी शामिल करने का अनुरोध किया है, ताकि परीक्षा आयोजन के दौरान समन्वय बना रहे।

सीबीएसई की वेबसाइट www.cbse.gov.in पर कक्षा 10वीं और 12वीं की पूरी विषयवार डेटशीट PDF डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि डेटशीट में यह बदलाव छात्रों को रणनीतिक तैयारी के लिए अतिरिक्त समय देगा, हालांकि जिन विषयों की तिथियाँ आगे या पीछे की गई हैं, उनके लिए पुनः योजना बनाना आवश्यक होगा।

\

Files