BJP दफ्तर के बाहर धमाका, ब्लास्ट के बाद दीवार पर छर्रों के निशान-सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
चंडीगढ़ में पंजाब बीजेपी दफ्तर के बाहर धमाका हुआ। पुलिस ने इलाके को सील कर जांच शुरू की, दीवार पर छर्रों के निशान और गाड़ी का शीशा टूटा मिला।
■ चंडीगढ़ में BJP दफ्तर के बाहर धमाका, इलाके में हड़कंप
■ दीवार पर छर्रों के निशान, पास खड़ी गाड़ी का शीशा टूटा
■ पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर शुरू की जांच
चंडीगढ़ में बुधवार शाम करीब 5 बजे सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी मुख्यालय के बाहर हुए धमाके ने पूरे शहर में दहशत फैला दी। ब्लास्ट इतना तेज था कि पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए, जबकि ऑफिस की दीवार पर 70 से 80 छर्रों जैसे निशान दिखाई दिए।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कथित तौर पर ग्रेनेड की पिन निकालकर फेंकता हुआ और फिर भागता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में धमाके की आवाज भी सुनाई देती है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस बीच एक खालिस्तानी आतंकी सुखजिंदर सिंह बब्बर के नाम से पोस्ट भी सामने आई है, जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में उग्र बयानबाजी की गई है, लेकिन इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के तुरंत बाद चंडीगढ़ पुलिस के साथ सेना और NIA की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीमों ने पूरे इलाके को खंगालना शुरू कर दिया है। मौके से विस्फोटक के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस को CCTV फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं, जो बाइक पर घटनास्थल के आसपास घूमते नजर आए हैं। उनकी पहचान और तलाश के लिए टीमें जुटी हुई हैं। इसके अलावा पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) भी जांच में शामिल हो गई है।
घटनास्थल पर एक संदिग्ध स्कूटी भी मिली है, जिसके आसपास छर्रों जैसे निशान पाए गए हैं। पुलिस को शक है कि ब्लास्ट स्कूटी में रखे किसी क्रूड बम से किया गया हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगी।
चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट किस प्रकार के बम से किया गया और इसके पीछे कौन लोग हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
Akhil Mahajan