CJI के हरियाणा दौरे का दूसरा दिन: शपथ ग्रहण के बाद पहली बार पैतृक गांव पहुंचे, बरवाला में SDJM कोर्ट का उद्घाटन किया

CJI सूर्यकांत हरियाणा दौरे के दूसरे दिन पैतृक गांव पेटवाड़ पहुंचे। बरवाला और नारनौंद में SDJM कोर्ट का उद्घाटन किया और ग्रामीणों से मांगपत्र लिया।

CJI के हरियाणा दौरे का दूसरा दिन: शपथ ग्रहण के बाद पहली बार पैतृक गांव पहुंचे, बरवाला में SDJM कोर्ट का उद्घाटन किया
  • CJI सूर्यकांत हरियाणा दौरे के दूसरे दिन पैतृक गांव पेटवाड़ पहुंचे
  • बरवाला और नारनौंद में SDJM कोर्ट का उद्घाटन और न्यायिक परिसर का शिलान्यास
  • गांव वालों ने स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली से जुड़ी मांगों का मांगपत्र सौंपा



चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत के हरियाणा दौरे का आज 10 जनवरी को दूसरा दिन रहा। CJI खुली जीप में सवार होकर अपने पैतृक गांव पेटवाड़ पहुंचे, जहां गांववासियों और स्कूली बच्चों ने उनका भव्य स्वागत किया। गांव के खेल स्टेडियम में उनके सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इससे पहले CJI ने हिसार के बरवाला पहुंचकर नवस्थापित SDJM कोर्ट का उद्घाटन किया और न्यायिक परिसर का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा और रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में CJI सूर्यकांत ने कहा कि न्यायिक इमारतें तभी सफल होंगी, जब उनमें न्याय की संवेदना और गरीब के दर्द को समझने की क्षमता होगी।

बरवाला के बाद CJI नारनौंद पहुंचे, जहां भी उन्होंने SDJM कोर्ट का उद्घाटन और न्यायिक परिसर का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि नई अदालतों की स्थापना का उद्देश्य एक्सेस टू जस्टिस है, ताकि आम नागरिकों को न्याय के लिए दूर नहीं जाना पड़े। उन्होंने बताया कि सोमवार से बरवाला और नारनौंद दोनों जगह सब डिवीजन कोर्ट काम करना शुरू कर देंगी।

अपने पैतृक गांव पेटवाड़ पहुंचने पर CJI का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। गांव की बेटियों ने उन्हें उनकी शपथ ग्रहण समारोह की पेंटिंग भेंट की। इस दौरान गांववासियों ने CJI को एक मांगपत्र सौंपा, जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल भवन निर्माण, हर्बल पार्क, ई-लाइब्रेरी, 33 केवी सब स्टेशन, सोलर पैनल और खाद गोदाम जैसी मांगें शामिल थीं।

CJI अपने दौरे के दौरान गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, हिसार में आयोजित एलुमनी मीट में भी शामिल होंगे, जहां वे चीफ गेस्ट के रूप में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में डॉ. अजय चौटाला, पूर्व मंत्री संपत सिंह, उनके 12 क्लासमेट और 2 शिक्षक भी मौजूद रहेंगे।