होटलों में संबंध बनाए, कहता था नहीं आई तो मर जाऊंगा.....CRPF इंस्पेक्टर की शादी रुकवाने भिवानी पहुंची पंजाब की गर्लफ्रेंड!
भिवानी में CRPF इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगा है। युवती ने दूसरी शादी रुकवाने की मांग की और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
➤ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, युवती ने रोकी शादी की कोशिश
➤ दूसरी लड़की से 29 अप्रैल को शादी की तैयारी, थाने पहुंचकर लगाया गुहार
➤ पुलिस पर शिकायत न लेने का आरोप, DC को ईमेल से दी सूचना
हरियाणा के भिवानी जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पंजाब के मोहाली की एक युवती ने CRPF इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि आरोपी अब किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है, जिसे रुकवाने के लिए वह खुद भिवानी के तोशाम थाने पहुंची।
युवती के मुताबिक, उसकी मुलाकात आरोपी इंस्पेक्टर से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का वादा किया। आरोप है कि इसी बहाने उसे कई बार होटलों में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए गए और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी तैयार किए गए।
युवती ने बताया कि जब भी वह मिलने से मना करती, आरोपी उसे भावनात्मक दबाव में लाता और कहता कि अगर वह नहीं मिली तो वह अपनी जान दे देगा। इसी दबाव में वह लगातार उसके संपर्क में रही। युवती का दावा है कि आरोपी के कहने पर ही उसने फरवरी 2025 में अपने पति से तलाक भी ले लिया।
आरोप है कि सितंबर 2025 में आरोपी ने उसे जीरकपुर बुलाया, जहां वह करीब 21 दिन तक उसके साथ रहा और शादी का भरोसा दिलाता रहा। हालांकि बाद में उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। अब युवती को जानकारी मिली कि आरोपी 29 अप्रैल को किसी अन्य लड़की से शादी करने जा रहा है।
इसकी जानकारी मिलते ही युवती भिवानी पहुंची और शादी रुकवाने की कोशिश की। उसने आरोप लगाया कि तोशाम पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की और उसे इंस्पेक्टर के घर जाने से भी रोका गया। युवती का कहना है कि उसे बताया गया कि इस मामले में किसी सांसद का फोन आया है।
इसके बाद युवती ने जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए DC को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जबकि पूरे घटनाक्रम ने क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना दिया है।
Akhil Mahajan