11 हफ्तों में 1185 करोड़ कमाकर ‘धुरंधर 2’ ने रचा इतिहास रणवीर सिंह की फिल्म बनी कमाई की मशीन, 427% मुनाफा
रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ ने 11 हफ्तों में 1185 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म अब OTT पर रिलीज होने जा रही है और 427% मुनाफा दर्ज कर चुकी है।
‘धुरंधर 2’ ने 11 हफ्तों में 1185 करोड़ से ज्यादा की कमाई की
225 करोड़ के बजट पर फिल्म ने 427% मुनाफा कमाया
4 जून को OTT पर होगा ग्रैंड डिजिटल प्रीमियर
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। रिलीज के 11 हफ्ते बाद भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी है और यह साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो चुकी है।
निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म ने 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। शुरुआत से ही दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिलने के कारण फिल्म ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। खास बात यह है कि 11 सप्ताह बाद भी फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित करने में सफल रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने अपनी रिलीज के 74वें दिन भी कमाई दर्ज की। फिल्म ने एक दिन में करीब 20 लाख रुपए का कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसका कुल नेट कलेक्शन 1185.85 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।
वहीं सभी भाषाओं को मिलाकर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1399.30 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। यह आंकड़ा इसे भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में शामिल करता है।
फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका अनुमानित बजट करीब 225 करोड़ रुपए था। इस हिसाब से फिल्म ने अब तक करीब 427 प्रतिशत का मुनाफा अर्जित किया है। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म सुपरहिट से आगे बढ़कर ब्लॉकबस्टर साबित हुई है।
फिल्म की लंबी सफलता ने इंडस्ट्री के कई रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। लगातार 11 हफ्तों तक सिनेमाघरों में मजबूत पकड़ बनाए रखना हाल के वर्षों में किसी भी हिंदी फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
अब सिनेमाघरों के बाद फिल्म OTT प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज होने जा रही है। जानकारी के मुताबिक 4 जून की शाम इसका डिजिटल प्रीमियर किया जाएगा, जबकि 5 जून से दर्शक इसे प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम कर सकेंगे।
बताया जा रहा है कि OTT पर दर्शकों को फिल्म का रॉ और अनकट वर्जन भी देखने को मिलेगा, जिससे फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
pooja