कूलर फैक्ट्री में लगी भीषण आग: सिलेंडरों में हुए धमाके, कर्मचारियों ने बाहर निकल बचाई जान, 700 कूलर- कच्चा माल जला
फरीदाबाद के रोशन नगर में कूलर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 700 कूलर जलकर राख हो गए, सिलेंडर धमाकों से हालात बिगड़े, दमकल ने काबू पाया।
■ रोशन नगर की कूलर फैक्ट्री में लगी भीषण आग
■ सिलेंडर धमाकों से हालात बिगड़े, 700 कूलर जलकर राख
■ दूसरी घटना में जनरेटर में आग, दमकल ने पाया काबू
हरियाणा के फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में शनिवार देर शाम एक कूलर निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी यूनिट इसकी चपेट में आ गई और करीब 700 तैयार कूलर तथा भारी मात्रा में कच्चा माल जलकर राख हो गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के दौरान फैक्ट्री में रखे सिलेंडरों में धमाके भी हुए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आग की भयावहता और बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री पल्ला थाना क्षेत्र में स्थित है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लंबे समय तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फैक्ट्री मालिक सतेंद्र पंडित के मुताबिक, आग पास में स्थित एक बतासा बनाने वाली यूनिट से फैलकर उनकी फैक्ट्री तक पहुंची। उस समय कर्मचारी अंदर काम कर रहे थे, लेकिन आग फैलते ही उन्होंने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। बताया जा रहा है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पिछले कई महीनों से कूलर निर्माण का काम तेजी से चल रहा था, जिससे फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में तैयार माल मौजूद था, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
दूसरी घटना में जनरेटर में लगी आग
इसी दौरान शहर के प्याली चौक के पास एक इमारत में स्थित वोडाफोन सेंटर के जनरेटर में भी आग लगने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि बिजली जाने के बाद जनरेटर चालू किया गया, जिसके कुछ ही देर बाद शॉर्ट सर्किट के कारण उसमें आग लग गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई और तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
दोनों घटनाओं में समय रहते राहत कार्य शुरू होने और कर्मचारियों की सतर्कता के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।
Akhil Mahajan